नवजात बच्ची को मौसी को सौंपते नियोनेटाल विभाग के डॉ. जगजीत दलाल व उनकी टीम।
- फोटो : RohtakCity
पीजीआईएमएस के नियोनेटल विभाग ने बहादुरगढ़ की कोरोना पॉजिटिव महिला की नवजात बेटी की लगातार दूसरी जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। अब अगले एक सप्ताह बच्ची की देखभाल उसकी मौसी करेगी। नियोनेटल विभाग के हेड डॉ. जगजीत दलाल ने बताया कि बच्ची को डिस्चार्ज करने से पहले उसकी मां से पूछा गया था। इस पर उसने बहन को अपनी बेटी सौंपने की बात कही, क्योंकि उसके पति पहले से ही होम क्वारंटीन हैं। महिला की अभी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव है, इसलिए उसने बेटी को संक्रमण से बचाने के लिए मौसी बबीता को देने की बात कही। नवजात बिल्कुल ठीक है, वह एक सप्ताह गाय के दूध व सप्लीमेंट पर रहेगी। बच्ची को ले जाने वालों को बता दिया है कि वह हाइजिन का ध्यान रखेंगे और जो भी उसके पास जाएगा, मास्क पहन कर ही जाएगी। बच्ची को ले जाने वाली महिला का पहचान पत्र हमने ले लिया है। इसके अलावा हमारी टीम बच्ची का हाल पूछती रहेगी। इस मौके पर डॉ. अंजलि, डॉ. संदीप, नर्सिंग सिस्टर धनदेवी आदि मौजूद रहे।