रोहतक। बिजली निगम ने सोमवार से विशेष बिल जमा काउंटर पर बिल जमा करने की समय सीमा रात नौ बजे तक कर दी है। इसे नौकरीपेशा, व्यवसायी आदि वर्ग ने अच्छा कदम बताया है। अब वह अपने काम से फुर्सत होने के बाद बिल समय से जमा करके छूट का लाभ ले सकेंगे। उपभोक्ताओं को बिजली निगम हर दो माह के अंतराल में बिल भेजता है। पहले बिल जमा करने का समय सुबह 10 से दोपहर दो बजे तक था। इस वजह से परिवार की महिलाओं को बिजली का बिल जमा करने के लिए आना पड़ता था। वहीं समय होने के कारण लंबी लाइनें लगी रहती थीं। समस्या को देखते हुए एसई ने बिजली बिल जमा केंद्र पर विशेष काउंटर शुरू कराया, जिसका समय शाम पांच बजे तक का तय किया गया। फिर भी नौकरीपेशा और व्यवसायियों की समस्या जस की तस रही। लोगों की मांग को ध्यान में रखते हुए एसई ने विशेष काउंटर की समय सीमा सोमवार से रात नौ जब तक कर दी है। सोमवार की शाम हड़बड़ी में जब लोग बिल जमा कराने पहुंचे तो समय सीमा बढ़ी देखकर राहत की सांस ली।
हमारा मकसद उपभोक्ताओं को राहत देना है। इसलिए विशेष काउंटर खोला गया और लोगों की मांग पर समय सीमा नौ बजे तक कर दी है। - एसके बंसल, एसई