-फोटो 51 : नूना माजरा गांव में सड़क पर जमा गंदा पानी व उसमें से निकलती बस। संवाद
बहादुरगढ़। झज्जर-बहादुरगढ़ रोड पर स्थित नूना माजरा गांव में प्रवेश करते ही आगंतुकों का स्वागत यहां पर बना कीचड़ करता है। बिन बरसात के ही सड़क पर एक से डेढ़ फीट तक पानी जमा है। पानी निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण यह समस्या बनी हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क बनवाने के साथ-साथ पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर जमा इस गंदे पानी में मक्खी-मच्छर पनप रहे हैं। इससे गांव में बीमारी फैलने का अंदेशा बना हुआ है।
नूना माजरा गांव के निवासी शमशेर सिंह, सूरजमल, सत्यवान, दयानंद, विकास कुमार ने कहा कि न केवल बहादुरगढ़-झज्जर मार्ग की हालत खराब है, बल्कि इस मार्ग के साथ-साथ गांव की मुख्य सड़कों पर भी पानी की निकासी न होने के कारण पानी जमा हो रहा है। गांव में इस सड़क पर भरे पानी के बीच से निकलने में न केवल वाहन चालकों को बल्कि पैदल राहगीरों का आवागमन बाधित हो रहा है। कई बार इस पानी में छोटे वाहन फंस जाते हैं और वाहनों में खराबी आ जाती है। इससे वाहन मालिक को न केवल आर्थिक परेशानी, बल्कि मानसिक परेशानी से भी दो-चार होना पड़ता है। अभी गर्मी का मौसम चल रहा है।
यह पानी बारिश का नहीं है, बल्कि गांव में घरों से निकला हुआ है। गांव में पानी की निकासी की उचित व्यवस्था नहीं है। इस कारण यह पानी सड़कों पर जमा हो रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द गांव में सड़क पर भरे इस गंदे पानी से निजात दिलाई जाए, ताकि इसमें मक्खी-मच्छर न पनपे और बीमारियां भी न फैलें। उन्होंने कहा कि जल्द ही प्रदेश में नई सरकार का गठन होगा। उन्हें नई सरकार से आस है कि गांव में समस्या का समाधान होगा और लोगों को राहत मिलेगी।