रोहतक। गुरु गोविंद सिंह के 356वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में मंगलवार को गुरुद्वारा बंगला साहिब से नगर कीर्तन निकाला गया। नगर कीर्तन की अगुवाई पंज प्यारों ने की। पंज प्यारों का फूलों की वर्षा से स्वागत किया गया। वहीं, नगर कीर्तन के दौरान संगत ने गुरु ग्रंथ साहिब के दर्शन किये और मन्नत मांगी। नगर कीर्तन के दौरान जगह-जगह संगत ने स्टाल लगाकर प्रसाद का वितरण किया। वहीं, रागी जत्थों ने भी संगत को निहाल किया।
नगर कीर्तन का शुभारंभ गुरुद्वारा बंगला साहिब से किया गया। इसके बाद नगर कीर्तन माता दरवाजा चौक, सदर थाना, कच्चा बेरी रोड चौक, गुरुद्वारा टिकाना साहिब, भिवानी स्टैंड, रेलवे रोड, अप्रोच रोड, झज्जर रोड से आर्य नगर रोड, कैनाल रेस्ट हाउस, आंबेडकर चौक, सुभाष रोड, गोहाना अड्डा, फर्नीचर मार्केट रोड, शांतमई, भिवानी स्टैंड, प्रताप चौक, कसाइयो वाला चौक, गुलाब रेवड़ी, बाबरा मोहल्ला से होते हुए वापस माता दरवाजा चौक पर संपन्न हुआ।
शहर में निकाले गए नगर कीर्तन के दौरान रागी जत्थों ने अपनी मधुर आवाज में संगत को निहाल किया। रागी जत्थों ने शब्द कीर्तन के माध्यम से माहौल को भक्तिमय बना दिया। इसके साथ ही श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण किया गया। पंज प्यारों की अगुवाई में निकाले गए नगर कीर्तन के दौरान संगत ने गुरु ग्रंथ साहिब के भी दर्शन किए।
गतका पार्टी ने अपनी कला का मनवाया लोहा
नगर कीर्तन के दौरान गतका पार्टी के कलाकारों ने अपनी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। गतका पार्टी ने तलवारबाजी, लाठी सहित अन्य कई हैरतंगेज कारनामे दिखाए, जिन्हें देखकर संगत भी अपने दांतों तले उंगली दबाने पर विवश हो गई। इस दौरान जगह-जगह स्टाल लगाकर श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। प्रसाद में हलवा, गर्म दूध, पानी सहित फल भक्तों में वितरित किए।