रोहतक। रेलवे स्टेशन पर काफी समय से प्लेटफाॅर्म की तरफ जाने के लिए एक अवैध रास्ता बना हुआ है। यहां से रोजाना हजारों यात्री इसी अवैध रास्ते से रेलवे स्टेशन पर प्रवेश करते है। यहीं नहीं रेलवे अधिकारी भी उस रास्ते से पूरी तरह से वाकिफ है लेकिन इसके बावजूद भी रेलवे की ओर से उस रास्ते को बंद नहीं किया जा रहा है। ऐसे में किसी भी तरह की घटना को अंजाम दिया जा सकता है, क्योंकि यहां सुरक्षा के के कोई इंतजाम नहीं हैं।
रेलवे स्टेशन पर निर्माण कार्य के चलते सीसीटीवी कैमरे भी काम नहीं कर रहे हैं। इस रास्ते पर आसानी से स्टेशन पर प्रवेश किया जा सकता है। अंदर जाने के लिए वहां से किसी भी तरह की रोक टोक नहीं है। ज्यादातर यात्री रेल में सफर करने के लिए उसी रास्ते से प्लेटफार्म की तरफ पहुंचते है। यह रास्ता असुरक्षित है, लेकिन उसके बावजूद भी इस मामले को लेकर अधिकारी कोई संज्ञान नहीं ले रहे है।
स्टेशन से रोजाना 30 हजार से ज्यादा यात्री कर रहे सफर
रोहतक रेलवे स्टेशन से गोहाना, जींद, रेवाड़ी, भिवानी, दिल्ली की ओर गाड़ियों का आवागमन होता है। प्रतिदिन 30 हजार से अधिक यात्री रोजाना यहां से यात्रा करते हैं। परिवहन की दृष्टि से यह रेलवे स्टेशन बेहद महत्वपूर्ण स्टेशन है, क्योंकि पीजीआईएमएस व कई विश्वविद्यालय व शैक्षणिक संस्थान होने के चलते काफी मरीजों और विद्यार्थियों का भी आवागमन होता है। इनके लिए स्टेशन से रोजाना 80 से ज्यादा एक्सप्रेस व पैसेंजर ट्रेनें गुजरती हैं।
बेटिकट यात्री इसी रास्ते से निकलते हैं बाहर
रेलवे की ओर से जब टिकट चेकिंग अभियान चलाया जाता है उस समय रेलवे स्टेशन से ज्यादातर बेटिकट यात्री इसी रास्ते से स्टेशन से बाहर निकलते है। यात्रियों की मांग है कि इस रास्ते को जल्द से जल्द बंद करवाया जाए।
इस तरह से अवैध रास्ता होने की बात संज्ञान में नहीं है। फिर भी कोई इस तरह का रास्ता बना हुआ है तो उसे जल्द से जल्द बंद करवाया जाएगा। इसकी जांच भी करवाई जाएगी कि यह रास्ता कब से और क्यों खोला गया है।
रविंद्र राणा, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, रेलवे