झज्जर। जिले की सबसे बुजुर्ग मतदाता 106 वर्षीय खातीवास निवासी मेवा देवी ने मतदाताओं को 25 मई के दिन अधिक से अधिक मतदान करते हुए लोकतंत्र को मजबूत बनाने का संदेश दिया है।
उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से प्रत्येक चुनाव में मताधिकार का प्रयोग किया है। मेवा देवी के परिवार के सदस्यों ने बताया कि मतदान के दिन वह पूरे परिवार (बेटों, बेटियों, पुत्रवधु, पौत्र आदि) को साथ लेकर पूरे जोश के साथ मतदान करने जाती है। मेवा देवी ने सभी मतदाताओं से स्वयं मतदान करने के साथ ही अपने परिवार को भी मतदान के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया। मेवा देवी के परिवार सदस्यों ने बताया कि जैसे ही चुनाव का ऐलान होता है तो वह वोटिंग तारीख के बारे में बार-बार पूछने लगती हैं। उनकी पुत्रवधू ओमपति व बबली ने बताया कि 106 वर्ष की उम्र में भी उनमें वोटिंग को लेकर जोश रहता है और पूरे परिवार के लिए एक आदर्श है। मेवा देवी ने कहा कि वह खुद भी वोट डालने जाती हैं और परिवार को भी लेकर जाती हैं। उन्होंने कहा कि वोट डालकर बेहद संतोष मिलता है कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपने वोट के माध्यम से योगदान दिया है।
डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शक्ति सिंह ने कहा कि हर्ष का विषय है कि लोकतंत्र के पर्व में जिले के बुजुर्ग मतदाता भी मताधिकार के प्रयोग के प्रति मतदाताओं को जागरूक कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिले में काफी संख्या में सम्मानीय बुजुर्ग मतदाता हैं जो युवाओं व अन्य वर्गों के मतदाताओं को मतदान का महत्व बताते हुए जागरूंक कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग मतदाताओं में भी लोकतंत्र के पर्व में शामिल होते हुए मतदान करने को लेकर पूरा उत्साह है।