-फोटो 60 : अनाज मंडी में फड़ पर जगह न मिलने के कारण सड़क पर किसानों द्वारा उतारा गया गेहूं।
बहादुरगढ़। मंगलवार को बहादुरगढ़ अनाज मंडी में सरसों और गेहूं की सरकारी खरीद हुई। मंडी में इतनी अधिक आवक हुई कि गेहूं को उतारने के लिए फड़ पर जगह नहीं बची। किसानों ने सड़क पर ही गेहूं उतारना पड़ा। इससे वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई। उठान सुस्त होने की वजह से यह समस्या बनी है।
मंगलवार को आसौदा में भी गेहूं खरीदा गया। बहादुरगढ़ मंडी में सरसों की 1470 क्विंटल सरसों की फसल बिक्री के लिए पहुंची। इसमें से 1127.25 क्विंटल सरसों की खरीद की गई। यह आढ़तियों ने की। किसान गेहूं की 835 क्विंटल फसल लेकर पहुंचे। इसमें से 575 क्विंटल गेहूं खरीदा गया। आसौदा में दो दिनों में 3574 क्विंटल गेहूं पहुंचा। इसमें से 2041 क्विंटल गेहूं की खरीद की गई। गेहूं की खरीद दोनों स्थानों पर खाद्य आपूर्ति विभाग ने की । बहादुरगढ़ मंडी में सरसों की काफी मात्रा में फसल रखी हुई है। अभी तेजी से उठान नहीं किया जा रहा है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही सारी फसल का उठान हो जाएगा। मंगलवार को बहादुरगढ़ मंडी और आसौदा में गेहूं की खरीद की गई लेकिन खरीदे गए गेहूं का उठान शुरू नहीं हुआ है। बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांवों में 30 हजार हेक्टेयर से ज्यादा गेहूं की बुआई की गई है। अभी किसान आने वाले दिनों में और अधिक मात्रा में गेहूं बेचने के लिए पहुंचेंगे।
किसान मंडी में गेहूं की फसल लेकर पहुंचे। आसौदा और बहादुरगढ़ में दोनों स्थानों पर गेहूं की खरीद की गई। बहादुरगढ़ मंडी में सरसों की खरीद और उठान तेज किया जाएगा।
-अंजू दलाल, सचिव, मार्केट कमेटी, बहादुरगढ़।