रोहतक। भाजपा प्रत्याशी मनीष ग्रोवर सोमवार को पालिका बाजार व दिल्ली गेट बाजार में व्यापारियों से मिले। दुकानदारों से कहा, भाई सोच-समझकर वोट देना, गलत बटन दब गया तो लठतंत्र वाली सरकार आ जाएगी।
पालिका बाजार में प्रधान गुलशन निझावन ने कहा, पूर्व मंत्री के सहयोग से भाजपा सरकार ने उनकी सालों पुरानी मांग पूरी की। नगर निगम के किरायेदारों को मुख्यमंत्री स्वामित्व योजना के तहत मालिक बना दिया। वहीं, ग्रोवर ने कहा कि भाजपा सरकार में शहर के दुकानदार भयमुक्त होकर अपना कारोबार कर रहे हैं। रोहतक विधानसभा के दुकानदारों ने जब भी उनके सामने कोई मांग रखी तो उसे पूरा करवाया गया। आगे भी व्यापारियों के दुख-सुख में खड़ा रहूंगा। उन्होंने दुकानदारों से सवाल किया कि वे ऐसा विधायक चाहते हैं जो 24 घंटे व्यापारियों के बीच रहे या ऐसा जो पांच साल में चुनाव के समय ही दिखाई दे।