रोहतक। पंडित भगवत दयाल शर्मा स्नातकोत्तर चिकित्सा विज्ञान संस्थान (पीजीआईएमएस) में किडनी के लाइव डोनर्स (परिवार का सदस्य) के लिए बनाए जा रहे आईसीयू का निर्माण कार्य पिछले 15 दिन से ठप पड़ा है। ठेकेदार के नहीं आने से मजदूर भी निर्माण स्थल पर नहीं आ रहे हैं। श्रमिकों के लौटने पर ही निर्माण फिर शुरू होने की उम्मीद है।
संस्थान की सुपरस्पेश्लिटी में यूरोलॉजी विभाग में फरवरी के पहले सप्ताह में आईसीयू निर्माण कार्य शुरू हुआ था। इसके लिए यहां तोड़फोड़ भी की गई। तीन दिन तोड़फोड़ के बाद मजदूर बगैर किसी तरह की जानकारी दिए काम बंद कर चले गए। इसके बाद से आईसीयू का निर्माण कार्य ठप पड़ा है। पिछले 15 दिन से यहां कोई नहीं आया है। लाला श्याम लाल सुपरस्पेश्लिटी भवन के यूरोलॉजी विभाग में दो स्टोर रूम, डॉक्टर का कमरा और एक शौचालय प्रतिस्थापित कर, चार बिस्तरों वाले आईसीयू तैयार किया जाना है। प्रशासन की ओर से निर्माण कार्य की मंजूरी दी जा चुकी है। यहां मरीजों के उपचार के लिए सभी जरूरी सुविधा मुहैया कराई जाएंगी।
वर्जन :
प्रशासन ने ठेकेदार को निर्माण कार्य का ठेका दिया है। काम की शुरुआत से पहले ही बजट का तीसरा हिस्सा दे दिया गया है। निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की रुकावट की शंका न रहे, इसके लिए ऐसा किया गया। इसके बावजूद काम रुका है। इसकी वजह जानने के लिए ठेकेदार को बातचीत के लिए बुलाया गया। ठेकेदार ने इस हफ्ते में निर्माण कार्य शुरू करने का विश्वास दिलाया है।
- डॉ. देवेंद्र, अध्यक्ष, यूरोलॉजी, पीजीआईएमएस।