धैर्य एक्स रेज्युनेटिंग ग्रुप और अमर उजाला फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को गांव चांदी स्थित डॉ. बीआर आंबेडकर लाइब्रेरी में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इसमें दिल्ली से आए डॉ. दीपक यादव और उनकी टीम ने 130 मरीजों के स्वास्थ्य की जांच की। सभी मरीजों को दवाइयां निशुल्क दी गईं। शिविर का उद्घाटन एक्स रेज्युनेटिंग ग्रुप के फाउंडर नरेंद्र सरोहा ने किया।
डॉक्टर दीपक यादव के मुताबिक अधिकांश मरीज वायरल फीवर, टायफायड, शुगर, उच्च रक्तचाप, दमा, आंखों की बीमारी, जोड़ों में दर्द, एलर्जी, खांसी आदि से पीड़ित मिले। कई ऐसे मरीज भी मिले, जिन्हें आंखों व सांस की अधिक समस्या थी। उनको पीजीआईएमएस में गहन जांच करवाने की सलाह दी गई है। उन्होंने बताया कि गांव में स्किन एलर्जी के अधिक केस हैं। इस पर स्वास्थ्य विभाग को जांच करवानी चाहिए। वहीं मरीजों का पंजीकरण व जांच जीएनएम याचना ने की तो फार्मासिस्ट दीपक ने सभी मरीजों को दवाइयां दीं। शिविर में धर्मवीर भौरिया, राहुल, सन्नी आदि का विशेष योगदान रहा।
निशुल्क स्वास्थ्य शिविर में बड़े ही सलीके से डॉक्टर ने बात की। परेशानी पूछी और दवा लिखकर दी। इस तरह के स्वास्थ्य शिविर लगते रहने चाहिए। इससे आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को काफी सहायता मिलती है। - गीता, मरीज
शिविर को लेकर मन में सवाल था कि निशुल्क दवा मिलेगी या रुपये लगेंगे। लेकिन इस शिविर में सुझाव और दवा दोनों मुफ्त मिली। यह प्रयास सराहनीय है। ऐसे शिविर अगर लगते रहें तो लोगों को अस्पताल नहीं जाना पड़ेगा। -सुरथा, मरीज
स्वास्थ्य शिविर के आयोजन का अनुभव शानदार है। लोगों को गांव में ही सुविधा मिल गई है। निशुल्क स्वास्थ्य का परीक्षण हुआ। दवाइयां भी दी गईं। इस पहल से कई बुजुर्ग मरीजों को इलाज मिला। -नरेश, मरीज
गांव में पीएचसी है पर कोई जांच नहीं हो पाती। शुगर के मरीजों को परेशान होना पड़ता है। गांव में स्वास्थ्य शिविर लगने से राहत मिली है। सबसे अधिक लाभ गांव के बुजुर्गों को हुआ है, जो शहर तक नहीं जा पाते। -गंगल, मरीज
शिविर में डॉक्टर ने सुझाव और दवा मुफ्त दी है। शहर में डॉक्टरों की कमी नहीं है। हम प्रयास कर रहे हैं जहां डॉक्टर आसानी से उपलब्ध नहीं होते वहां मरीजों की सेवा की जाए। समय-समय पर ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। -नरेंद्र सरोहा, फाउंडर, धैर्य एक्स रेज्युनेटिंग ग्रुप
चांदी में स्वास्थ्य सेवाएं काफी कम हैं। यही वजह है कि शिविर में 130 मरीजों ने जांच करवाई है। बहुत सारे मरीज देरी से आए तो उन्हें अगली बार शिविर लगवाने का आश्वासन दिया है। -धर्मबीर, ग्रामीण एवं शिविर आयोजन में सहयोगी।
चांदी गांव में अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित स्वास्थ्य शिविर में मरीजों की जांच करते चिकित्?