शहर के अशोका चौक पर होटल के बाहर खड़ी कार का शीशा तोड़कर चोर लैपटॉप चुराकर ले गए। इस संबंध में कार मालिक ने सिविल लाइन थाने में केस दर्ज कराया है।
पुलिस के मुताबिक, पंजाब के मोहाली निवासी दृश्यमित ने बताया कि बुधवार को वह रोहतक एक शादी समारोह में शामिल होने आया था। कार्यक्रम अशोका चौक के नजदीक होटल में चल रहा था। उसने सुबह करीब साढ़े 11 बजे कार होटल के बाहर सड़क किनारे खड़ी कर दी और अंदर चाय पीने चला गया। आधा घंटे बाद वापस आया तो कार का पिछला शीशा टूटा मिला। अंदर से बैग गायब था, जिसके अंदर लैपटॉप रखा था। मामले की सूचना सिविल लाइन थाना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और केस दर्ज किया। साथ ही होटल के आसपास की सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि कार का शीशा तोड़कर लैपटॉप चुराने वाले का सुराग लग सके।