महिला कर्मी के हाथ में पर्चियां।
- फोटो : amar ujala
हरियाणा बोर्ड की परीक्षाएं में प्रशासन ने सख्ती कर दी है। इससे नकलची पहले की तरह खुलेआम नकल नहीं कर पा रहे हैं, लेकिन अब केंद्रों पर नया खेल शुरू हो गया है। पुलिस कर्मियों और सेंटर सुपरिंटेंडेंट की मौजूदगी में पर्चियां अंदर पहुंच रही हैं। लालच के फेर में स्कूल के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ही नकल करवा रहे हैं। वे विद्यार्थियों के परिजनों से पर्चियां लेकर केंद्र में पहुंचा रहे हैं। परीक्षा केंद्रों पर इतने भारी गोलमाल के बावजूद जिम्मेदारों की नजर में सब कुछ ठीक चल रहा है। सोमवार को दोनों पाली में केवल तीन नकलची ही पकड़े गए, जबकि नकल खूब हुई।
बोर्ड परीक्षाओं के छठे दिन सोमवार को 10वीं के प्रथम सेमेस्टर की शारीरिक-स्वास्थ्य शिक्षा तो 12वीं के प्रथम और द्वितीय सेमेस्टर की फिजिक्स और अर्थशास्त्र की परीक्षा हुई। प्रशासन की सख्ती के बाद परिजन नकल करवाने नहीं पहुंच सके तो उन्होंने दूसरा रास्ता निकाल लिया। काठमंडी रोड स्थित भारती कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय और कन्हेली रोड स्थित एक निजी स्कूल में चतुर्थ कर्मचारी पर्चियों को अंदर ले जाते देखे गए।
भारती कन्या स्कूल की चतुर्थ महिला कर्मचारी बारी-बारी से कागज पर प्रश्न लिखकर ला रही थी और केंद्र के बाहर खड़े परिजन गाइड में से उसके जवाब फाड़कर दे रहे थे। केंद्र में मीडिया के पहुंचते ही केंद्र के बाहर खड़े परिजन, पुलिसकर्मी और महिला कर्मचारी सतर्क हो गए। परीक्षार्थियों के परिजन केंद्र छोड़कर दूर चले गए और कुछ देर के लिए सिलसिला रुक गया। केंद्र की चीफ सुपरिंटेंडेंट कुसुम चौधरी ने बताया कि उनके यहां सब ठीक है और कोई नकल नहीं चल रही है। वहीं, विश्वकर्मा वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में मीडिया को देखते ही परीक्षार्थियों ने पर्चियां छिपा लीं। हालांकि यहां मीडिया को अंदर जाने से मना कर दिया गया।
10वीं में गणित का पेपर आज
जिले के 10 केंद्रों में मंगलवार सुबह की पाली में 10वीं के द्वितीय सेमेस्टर की गणित परीक्षा होगी। 52 केंद्रों में सुबह और शाम की पाली में 12वीं के प्रथम और द्वितीय सेमेस्टर की लोक प्रशासन की परीक्षा होगी।
कंसाला में बने दो केस
जिले के बोर्ड परीक्षा नियंत्रक ईश्वर सिंह जांगड़ा ने बताया कि सोमवार को तीन नकलची पकड़े गए हैैं। कंसाला में दो और विश्वकर्मा स्कूल में एक नकल का केस बनाया गया है। अधिकतर केंद्रों में सख्ती बरते जाने की वजह से परीक्षाएं शांतिपूर्वक हो रही हैं।