हवलदार पति चोर पकड़ने के लिए पटना चले गए। पीछे से ससुराल से मायके आ रही पत्नी के किसी ने 22 तोले सोने के जेवरात चुरा लिये। पीड़ित ने इस संबंध में अर्बन एस्टेट थाने में केस दर्ज करवाया है।
पानीपत जिले के गांव कुटानी निवासी ज्योति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पति गुरुग्राम पुलिस में कार्यरत हैं। उनको चोरी के केस की जांच के लिए पटना जाना पड़ गया। जबकि बेटा क्रिकेट मैच खेलने कुरुक्षेत्र चला गया। इसलिए वह पानीपत से मायके रोहतक स्थित रामगोपाल कॉलोनी आ रही थी। साथ में 22 तोले सोने के जेवरात भी बैग में लिए थे। गहने में दो तोले की कंठी, दो सेट रिंग, मांग टीका, दो चेन, छह अंगूठी, सात जोड़ी कानों की बाली, मंगलसूत्र सहित अन्य जेवरात थे। मंगलवार दोपहर जब बस रोहतक पहुंची तो वह बस स्टैंड के अंदर जाने की जगह बाहर ही सड़क पर उतर गई। इसके बाद वह रेहड़ी पर फल खरीदने लगी। जब रेहड़ी वाले को पैसे देने के लिये पर्स देखा तो चेन खुली थी। अंदर से उसका छोटा पर्स गायब था। पर्स में जेवरात रखे थे।