सांपला। हसनगढ़ पावर हाउस के बड़े ट्रांसफार्मर में फाल्ट आने से सोमवार को कई गांव की बिजली गुल रही। प्रचंड गर्मी में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। गर्मी में बिजली न आने पर ज्यादा परेशानी बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को झेलनी पड़ी। हसनगढ़ पावर हाउस के बड़े ट्रांसफार्मर में सोमवार की सुबह फाल्ट हो गया। जिसकी वजह से समचाना, गिझी, दत्तौड़ सहित कई गांव की बिजली गुल हो गई। 44 डिग्री तापमान में बिजली सप्लाई बंद होने से पानी को सप्लाई भी नहीं हो पाई। ऐसे हालात में लोगों का दिन बिताना मुश्किल हो गया। शाम तक इनवर्टर भी जवाब दे गए। रात करीब 11 बजे सप्लाई चालू हो पाई। बताया गया ट्रांसफार्मर में तेल कम रहने की वजह से शाम को दोबारा रोहतक से तेल लाया गया। उसके बाद ठीक हो पाया। विद्युत वितरण निगम अधिकारियों का कहना था कि अधिक गर्मी होने और लोड बढ़ने को वजह से फाल्ट हो गया था। इसे ठीक होने में कई घंटे का समय लग गया। संवाद