जिले में 20 केंद्रों पर होगी हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा
- दो व तीन जनवरी को होगी परीक्षा, उड़नदस्ते गठित
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से दो व तीन जनवरी को हरियाणा अध्यापक पात्रता (एचटीईटी) परीक्षा -2020 का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए जिले में 20 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सभी केंद्रों के आसपास धारा 144 लागू रहेगी। पहले दिन 2 जनवरी को दोपहर बाद 3 बजे से 5:30 बजे तक स्तर-3 के लिए परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। इसके अगले दिन 3 जनवरी को प्रात: कालीन सत्र में सुबह 10 बजे से 12:30 बजे तक स्तर-2 एवं सायंकालीन सत्र में दोपहर बाद 3 बजे से 5:30 बजे तक स्तर-1 के लिए परीक्षा होगी। परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वार पर परीक्षार्थियों की जांच की जाएगी। बायोमीट्रिक मशीन पर उपस्थिति दर्ज की जाएगी। परीक्षा केंद्रों में मोबाइल जैमर, सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। वीडियोग्राफी कराई जाएगी। बोर्ड की हिदायतों के अनुसार परीक्षार्थी परीक्षा केंद्र पर 2 घंटे 10 मिनट पहले पहुंचेंगे। परीक्षा के शुरू होने से एक घंटा पहले ही अभ्यर्थियों का प्रवेश बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद अभ्यर्थी को किसी भी अवस्था में परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। यह परीक्षा पारदर्शी एवं नकल रहित होगी। इसके लिए प्रशासन ने पुख्ता प्रबंध करने का दावा किया है। यही नहीं परीक्षा निगरानी के लिए टीमें व उड़नदस्ते भी गठित किए गए हैं। अतिरिक्त उपायुक्त महेंद्रपाल को ओवरऑल इंचार्ज बनाया गया है। उक्त बातें उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने कही। वे वीरवार को परीक्षा की तैयारियों को लेकर अधिकारियों की बैठक ले रहे थे। उपायुक्त ने कहा कि परीक्षा की निगरानी के लिए अधिकारियों की टीमें गठित की गई हैं। उड़नदस्ते भी तैनात रहेंगे। रोहतक के उपमंडलाधीश राकेश कुमार व स्पोर्टिंग अधिकारी के रूप में तहसीलदार राजेश कुमार, उपमंडलाधीश मेजर गायत्री अहलावत एवं सांपला के तहसीलदार राकेश छोक्कर, महम सहकारी चीनी मिल के प्रबंध निदेशक जगदीप सिंह एवं महम के तहसीलदार गुलाब सिंह, रोहतक सहकारी चीनी मिल के प्रबंध निदेशक मानव मलिक एवं महम के नायब तहसीलदार राजकुमार शर्मा, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के सम्पदा अधिकारी बीबी गोगिया एवं कलानौर के तहसीलदार मदन लाल, नगराधीश सुरेंद्र सिंह एवं रोहतक के खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल व जिला राजस्व अधिकारी पूनम बब्बर के उड़नदस्ते ड्यूटी पर रहेंगे।