रोहतक। हरियाणा स्टेट पेंशनर्स समाज रोहतक कार्यकारिणी व सदस्यों की मासिक बैठक पांच अक्तूबर की सुबह 10 बजे सीनियर सिटीजन क्लब मानसरोवर पार्क में होगी। इसकी अध्यक्षता जिला प्रधान देवी सिंह देशवाल, कार्यकारी जिला प्रधान रोहतक व राज्य अतिरिक्त प्रधान महासचिव वीरेंद्र शर्मा संयुक्त रूप से करेंगे। यहां राज्य कार्यकारिणी के सदस्यों को भी आमंत्रित किया गया है।
कार्यकारिणी सदस्य सरकार की वादाखिलाफी व उदासीनता के प्रति बैठक में रोष प्रकट करेंगे। चुनावी घोषणापत्र में भाजपा व जेजेपी ने हरियाणा पेंशनर्स को 65, 70, 75 वर्ष की आयु के बाद दूसरे राज्यों की तरह क्रमशः 10 प्रतिशत, 15 प्रतिशत व 20 प्रतिशत पेंशन वृद्धि नियम बनाना और 1000 रुपये फिक्स मेडिकल भत्ते को 3000 रुपये में संशोधित करना, फैमिली पेंशनर्स को एलटीसी का लाभ देना, सभी बीमारियों का कैशलैस इलाज करना शामिल था। इन वायदों को पूरा नहीं किया गया है। कार्यकारी जिला प्रधान वीरेंद्र शर्मा ने कहा कि बैठक में अखिल भारतीय स्टेटस पेंशनर्स फेडरेशन के आह्वान पर सांसदों के माध्यम से प्रधानमंत्री को दिए गए मांग पत्रों पर चर्चा होगी। यहीं संगठन के अगले कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तय की जाएगी।