04-म्हारा हरियाणा-सुथरा हरियाणा पेटिंग प्रदर्शनी के बारे में अतिथियों को बताते हरविंदर मलिक
रोहतक। अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को स्थित इंडिया कम्युनिटी सेंटर में 7 से 9 अगस्त तक नॉर्थ अमेरिका जाट हेरिटेज कन्वेंशन आयोजित हुआ। चित्रकार हरविंदर मलिक की पेंटिंग प्रदर्शनी ''म्हारा हरियाणा-सुथरा हरियाणा'' इसमें आकर्षण का केंद्र रही। भारतीय वाणिज्य दूतावास के डिप्टी काउंसल जनरल राकेश अदलखा ने मिसौरी के कोषाध्यक्ष विवेक मलिक के साथ इसका उद्घाटन किया। हरियाणवी संस्कृति पर आधारित इस प्रदर्शनी में प्रवासी भारतीयों ने लोक परंपराओं व ग्रामीण जीवन की झलक देखी। पेंटिंग्स में पणिहारियों के समूह, चक्की चलाती महिलाएं, हरियाणवी नृत्य और हुक्का संस्कृति दर्शाई गई थी। इन चित्रों ने दर्शकों को प्रभावित किया। बुजुर्ग अपनी संस्कृति की तस्वीरें देखकर भावुक हुए, वहीं युवाओं को अपनी जड़ों को समझने का अवसर मिला। आयोजन समिति ने हरविंदर मलिक के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसी प्रदर्शनी आयोजित करने का आग्रह किया। संवाद