रोहतक। ऑल हुडा सेक्टर्स कॉन्फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष यशवीर मलिक ने कहा है कि 31 जुलाई तक सरकार ने स्टिल्ट प्लस चार मंजिल नीति को वापस नहीं लिया तो पूरे प्रदेश में आंदोलन होगा। इसकी शुरूआत अगस्त के पहले सप्ताह में जींद में प्रदेशस्तरीय रैली से की जाएगी। मलिक रविवार को सेक्टर-3 स्थित कम्युनिटी सेंटर में ऑल सेक्टर्स रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों को संबोधित कर रहे थे।
मलिक ने कहा कि प्रदेश सरकार ने बिल्डरों के हित में स्टिल्ट प्लस चार मंजिल पॉलिसी लागू कर दी। इसके सेक्टरों में दुष्परिणाम होंगे। सेक्टरों में बढ़ती संख्या के चलते पहले ही बिजली, पानी, सीवर और सफाई जैसे सुविधाओं पर दबाव है। ऊंचे-ऊंचे भवनों का नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 31 जुलाई तक सरकार नीति को वापस ले, नहीं तो राज्यव्यापी आंदोलन छेड़ा जाएगा।
वहीं एसोसिएशन के प्रधान आरएस छिल्लर ने बताया कि आम कॉलोनियों में पानी का बिल माह में 60 रुपये आता है, जबकि सेक्टरों में 400 से 500 रुपये आ रहा है। यह भेदभाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सेक्टरों मेें चल रहे स्कूलों में वहां के बच्चों को दाखिले में राहत दी जाए, क्योंकि सेक्टर के लोग ही इनहांसमेंट भरते हैं। बैठक में एसोसिएशन के संयोजक कदम सिंह अहलावत भी मौजूद रहे।
डीसी और निगम आयुक्त से मिलेगी आरडब्ल्यूए
ऑल सेक्टर्स रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष आरएस छिल्लर का कहना है कि शहर के सेक्टर 1,2,3,4 और 14 में शिकायत के बावजूद ठेकेदार की ओर से स्ट्रॉम वाटर लाइन की तेजी से सफाई नहीं की जा रही है। सोमवार या मंगलवार को डीसी और निगम आयुक्त से मिलकर आरडब्ल्यूए ठेकेदार की पेमेंट रोकने की मांग की जाएगी।