Government's focus is on ending agitation, not on ending three agricultural laws: Hooda
रोहतक। दिल्ली के टीकरी बॉर्डर पर जहर निगलकर आत्महत्या करने वाले पाकस्मा के किसान जयभगवान के घर वीरवार को पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। पूर्व सीएम ने कहा कि सरकार का फोकस किसान आंदोलन को खत्म करने पर है। तीन कृषि कानूनों को रद्द करने पर नहीं है। सरकार सब कुछ जानकर भी अनजान बन रही है। आंदोलन में जान गंवाने वाले किसानों को शहीद का दर्जा दिया जाए। हुड्डा ने कहा कि किसान पहले दिन से तीन कृषि कानूनों की वापसी व एमएसपी गारंटी कानून की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। बावजूद इसके सरकार मुद्दे को गोलगोल घुमाकर कभी कानूनों में संशोधन की बात करती है, कभी कमेटी बनाकर कानूनों को स्थगित करने की। ऐसा लगता है कि सरकार आंदोलन को खत्म करवाना ही नहीं चाहती। शुक्रवार को होने वाली वार्ता में किसानों की मांगों को सरकार द्वारा मान लिया जाना चाहिए। जान गंवाने वाले किसान जयभगवान के परिजनों को हुड्डा ने कहा कि वे खुद को अकेला न समझें। कांग्रेस विधायक दल अपनी तरफ से आंदोलन में जान कुर्बान करने वाले प्रदेश के सभी किसान परिवारों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता कर रहा है। सरकार को भी इन परिवारों की मदद के लिए आगे आना चाहिए।