झज्जर। जिले की बेरी और बहादुरगढ़ अनाज मंडी में सरसों की आवक शुरू हो चुकी है, लेकिन झज्जर मंडी में अब तक इक्का-दुक्का ढेरी ही पहुंची है। यहां आढ़तियों की हड़ताल होने की वजह से खरीद शुरू नहीं हुई। डीसी शक्ति सिंह ने रबी की फसलों की खरीद व्यवस्था का जायजा लेने के लिए शुक्रवार को जिला की झज्जर अनाज मंडी का औचक निरीक्षण किया।
डीसी ने फसल खरीद की व्यवस्था को लेकर फीडबैक लिया। उन्होंने सरसों उपज की गुणवत्ता की जांच की और कहा कि किसान मंडियों में अपनी उपज को सुखाकर बिक्री के लिए लाएं। उन्होंने कहा कि जिला में गेहूं की बंपर पैदावार होने का अनुमान है, ऐसे में मंडियों में किसानों की उपज की खरीद में किसी प्रकार की कोई अड़चने ना आने पाएं। इसके लिए अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। फसलों के उठान को लेकर भी डीसी ने सख्त हिदायत देते हुए कहा कि एजेंसियां तय समय में फसल का उठान करते हुए गोदाम तक पहुंचाएं ताकि बारिश व अन्य कारणों से गेहूं व अन्य फसलों को नुकसान ना पहुंचे। इस मौके पर मार्किट कमेटी झज्जर के प्रशासक एवं एसडीएम रविंद्र यादव, डीआरओ प्रमोद चहल, सचिव मार्किट कमेटी सविता सैनी उपस्थित थे।
आढ़तियों से नहीं हुई बात
झज्जर। शुक्रवार कोने खरीद को लेकर झज्जर और बेरी अनाज मंडी का दौरा किया, लेकिन हड़ताल कर रहे आढ़तियों से कोई बातचीत नहीं हुई। आढ़ती भी डीसी से मिलने नहीं गए और न ही डीसी ने उनको बातचीत के लिए बुलाया। हड़ताल के मामले में अनाज मंडी प्रधान हरेंद्र सिलाना ने शनिवार सुबह 10 बजे आढ़तियों की बैठक बुलाई है, जिसमें आगामी निर्णय लिया जाएगा। संवाद
सरकारी कांटे बंद मिले तो होगी कार्रवाई : डीसी
झज्जर। सरसों की सरकारी खरीद मंडियों में शुरू हो चुकी है व एक अप्रैल से मंडियों में गेहूं की खरीद भी शुरू हो जाएगी। अनाज मंडियों में किसानों के लिए पेयजल, शौचालय, बिजली, तिरपाल, झरने, नमी मापक यंत्र, धर्मकांटा आदि की समुचित व्यवस्था की जाए। यह निर्देश डीसी शक्ति सिंह ने कृषि, पुलिस, खरीद एजेंसियों सहित अन्य विभागों के अधिकारियों की बैठक के दौरान दिए। उन्होंने कहा कि गेहूं की फसल को लेकर मंडियों में बड़ी संख्या में किसान आते हैं, ऐसे में पुलिस प्रशासन को यातायात व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मंडी वार एक एक वरिष्ठ अधिकारी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा। कोई परेशानी होने पर नोडल अधिकारी तत्काल समस्या का समाधान करेगा। उन्होंने कहा कि सरकारी धर्म कांटे बंद मिले तो कार्रवाई की जाएगी। संवाद