बहादुरगढ़। बहादुरगढ़ अनाज मंडी में सरसों की सरकारी खरीद लगातार जारी है, लेकिन अभी तक खरीदी गई सरसों का उठान नहीं हो सका है। इससे मंडी में अपनी फसल लेकर आने वाले किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पांच दिनों में हैफेड एजेंसी द्वारा किसानों की 2282 क्विंटल सरसों खरीदी गई है। इसमें से कुल 382 क्विंटल फसल का उठान हो पाया है। मंडी में फड़ पर कट्टों और खुले में सरसों की फसल रखी गई है। बुधवार को भी सरसों की सरकारी खरीद के लिए 46 किसानों के गेट पास काटे गए। कुल 781.64 क्विंटल सरसों मंडी में पहुंची। इसमें से 591 क्विंटल सरसों की खरीद की गई। मार्केट कमेटी सचिव अंजू दलाल ने हैफेड अधिकारियों को सरसों की फसल का जल्द से जल्द उठान करने के निर्देश दिए हैं।
प्रदेश सरकार द्वारा 26 मार्च से सरसों की सरकारी खरीद का ऐलान किया गया था, लेकिन यहां पर खरीद 28 मार्च से शुरू हो पाई थी। शुरूआती दिनों में किसान कम फसल लेकर पहुंचे थे। पिछले तीन दिनों सोमवार, मंगलवार और बुधवार से किसान भारी मात्रा में सरसों की फसल मंडी में लेकर आ रहे हैं। कुल मिलाकर पांच दिनों में 2282 क्विंटल सरसों की खरीद की गई है। 1 अप्रैल से प्रदेश सरकार की ओर से गेहूं की खरीद का भी ऐलान किया गया है, लेकिन अभी किसान गेहूं की फसल लेकर नहीं आए हैं। अभी गेहूं की फसल खेतों में पककर तैयार नहीं है। उम्मीद है कि सप्ताह भर में खेतों में खड़ी गेहूं की फसल पकेगी। इसके बाद ही किसान अपनी फसल को लेकर बेचने के लिए यहां पहुंचेंगे। बहादुरगढ़ की मंडी में सरसों की फसल बेचने के लिए बामनौली, ईस्सरहेड़ी, बादली, छारा, बराही, कानौंदा, कुलासी, सिद्दीपुर, नया गांव के किसान पहुंचे हैं। सरसों की फसल लगातार खरीदी जा रही है, लेकिन उठान कार्य धीमा है। इसकी वजह से किसानों को परेशानी हो रही है। मंडी मेें सरसों बेचने के लिए पहुंचने वाले किसान फसल को टै्रक्टरों में ही भरकर रखते हैं। जब तक उठान नहीं हो जाता, तब तक वहां फसल नहीं उतारी जा सकती है।
अब तक 2282 क्विंटल सरसों की सरकारी खरीद हुई है। 382 क्विंटल सरसों का उठान हुआ है। हैफेड अधिकारियों और कर्मचारियों को उठान कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही मंडी से सारी सरसों की फसल उठाकर गोदाम में रखी जाएगी। 1 अपै्रल से गेहूं की सरकारी खरीद शुरू है, लेकिन किसान अभी गेहूं की फसल लेकर मंडी में नहीं आए हैं। आते हैं तो खरीदारी की जाएगी।
-अंजू दलाल, सचिव, मार्केट कमेटी बहादुरगढ़।