शौरी मार्केट में दुकानों के आगे भरा गंदा पानी। संवाद
रोहतक। शहर का माल गोदाम रोड, शौरी मार्केट की गलियां सीवर के पानी से लबालब हैं। यहां टैक्स्टाइल, कुकिंग ऑयल आदि का थोक में व्यापार होता है। इसकी खरीदारी करने के लिए लोग दूर-दूर से पहुंचते हैं लेकिन सीवर के पानी और बदबू से व्यापारी, ग्राहक व राहगीर सभी परेशान हैं। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि इतनी गंदगी बदबू है कि कपड़े से नाक-मुंह ढंकने पर विवश हैं। ग्राहकों के लिए तो और भी दिक्कत है। इधर, सराय मोहल्ला में भी सीवर ओवरफ्लो होकर बह रहा है। नालियां जाम है। इसके कारण सीवर का पानी सड़कों पर फैल गया है। राहगीर और वाहन चालक जैसे-तैसे यहां से गुजर रहे हैं।
-माल गोदाम रोड का इलाका बाजार की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। इसलिए यहां का किराया भी महंगा है। ऐसे ही माह के दो हफ्ते सड़क पर जलभराव और गंदगी रहेगी तो ग्राहक कैसे आएंगे। ग्राहक नहीं आएंगे तो कारोबार को नुकसान होगा।
-सोमनाथ, व्यापारी
-सीवर ओवरफ्लो का कारण डेयरियां हैं। नाली जाम होने के बाद बदबू फैल जाती है। विभाग इस पर कुछ नहीं करता।
-राहुल, दुकानदार
-गंदगी के चलते माल गोदाम रोड शाखा पर ग्राहक कम ही आना पसंद करते हैं। बहुत महत्वपूर्ण काम हो तभी आते हैं। सीवर ओवरफ्लो की समस्या पुरानी है इसका हल निकलना चाहिए।
-अनिल, बैंक कर्मचारी
-कभी-कभी लगता है कि इसी गंदगी के साथ जीना सीख लेना होगा क्योंकि यह समस्या काफी पुरानी है। विभाग को समस्या का समाधान करना होता तो कुछ ठोस कदम उठाती लेकिन वह भी सुस्त है। हमारा सारा व्यापार यहां है तो अब हम कहीं जा भी नहीं सकते।
-जितेंद्र, व्यापारी
-वर्जन
समस्या की जानकारी नहीं है। अगर जलभराव जैसी स्थिति है तो विभाग गंभीरता से लेकर इसे दुरुस्त कराएगा। नागरिकों को परेशानी नहीं आने दी जाएगी।
प्रदीप, एसडीओ, जनस्वास्थ्य विभाग