रोहतक। जिले से भिवानी व चरखी-दादरी जाने वाले यात्रियों को बस से सफर करने के लिए अब 10 रुपये अतिरिक्त खर्च करने पड़ेंगे। रोहतक-भिवानी रूट पर नौरंगाबाद गांव के पास टोल प्लाजा शुरू होने के कारण रूट पर सफर करने वाले यात्रियों को बढ़ाया गया है। जिले से रोजाना सैकड़ों यात्री चरखी-दादरी व भिवानी आते-जाते रहते हैं।
रोडवेज के एसएस जयवीर हुड्डा ने बताया कि रोहतक-भिवानी रूट पर नौरंगाबाद के पास टोल प्लाजा शुरू होने के कारण बस के किराये में वृद्धि की गई है। रोहतक से भिवानी जाने वाले यात्रियों को पहले 50 रुपये व चरखी-दादरी जाने वाले यात्रियों को 60 रुपये किराया देना पड़ता था। टोल प्लाजा शुरू होने के कारण प्रत्येक यात्री टिकट पर 10 रुपये की बढ़ोत्तरी होने से भिवानी के यात्रियों को 60 रुपये व चरखी-दादरी के यात्रियों को 70 रुपये का भुगतान करना पड़ेगा।