रोहतक। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर सराहनीय कार्य करने वाली 18 वर्ष से कम आयु की बच्चियों को सम्मानित किया जाएगा। इसमें विभिन्न पुरस्कारों के लिए 25 अक्तूबर तक आवेदन आमंत्रित किये गए हैं।उपायुक्त अजय कुमार ने बताया कि राज्य स्तर पर सामाजिक मुद्दों, शिक्षा, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य, मीडिया एवं साहित्य क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वाली 18 वर्ष से कम आयु की बच्चियों को विभिन्न श्रेणियों में 86 पुरस्कार के तहत 6 लाख 24 हजार 900 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इन पुरस्कारों के तहत उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वाली बच्चियों को सम्मान के तहत 7 क्षेत्रों में 47 पुरस्कार दिए जाएंगे। जिनमें 5 लाख 17 हजार रुपये की नकद राशि प्रदान की जाएगी।
इसी प्रकार विभिन्न आयु वर्गों में राज्य स्तर पर प्रतियोगिताओं के 39 विजेताओं को एक लाख 7 हजार 900 रुपये की नकद राशि दी जाएगी। उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वाली बच्चियों के लिए खेल के क्षेत्र में 20 पुरस्कार, संस्कृति के क्षेत्र में 10 पुरस्कार, सामाजिक कार्य के क्षेत्र में 2 पुरस्कार, मीडिया एवं साहित्य के क्षेत्र में 2 पुरस्कार, बहादुरी के लिए 3 पुरस्कार, विशेष व दिव्यांग बच्चों की उपलब्धि के क्षेत्र में 5 पुरस्कार, बाल देखरेख संस्थाओं के बच्चों के लिए 5 पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। प्रत्येक पुरस्कार के लिए 11 हजार रुपये की राशि दी जायेगी।
यहां जमा करवाएं दस्तावेज
18 वर्ष से कम आयु की लड़कियां अपने नाम व दस्तावेजों सहित निर्धारित प्रोफार्मा में भरकर जिला विकास भवन के भू-तल पर कमरा नंबर 4 में स्थित महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय में 25 अक्तूबर को सायं 4 बजे तक जमा करवाए जा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए इस कार्यालय के दूरभाष 01262-247135 पर संपर्क किया जा सकता है।