शहीद अंकित की पार्थिव देह सोमवार दोपहर करीब तीन बजे गद्दी खेड़ी पहुंची। इसके साथ ही भारत माता की जयकारों से आकाश गूंज उठा। गली-गली लोगों के देशभक्ति से ओतप्रोत नारे और अपने लाडले अंकित की शहादत के उद्घोष सुनाई दिए। हाथों में तिरंगा थामे गांव का हर बच्चा और बूढ़ा अंकित की अंतिम यात्रा में शामिल हुआ। पूरा गांव देशभक्ति रंग में रंगा नजर आया।
शहीद की मां सुदेश बेटे के अंतिम दर्शन कर बेसुध हो गई। इन्हें आसपास के लोगों ने संभाला। प्रीति पति के तिरंगे में लिपटा पार्थिव शरीर देख फफक पड़ी। उसके मुंह शब्द तक नहीं निकल पाया। वह करीब तीन मिनट तक अंकित की पार्थिव देह से लिपटी रही। छोटे भाई दीपक ने मुखाग्नि दी।
जिला प्रशासन की ओर से उपायुक्त अजय कुमार नेपुष्प चक्र अर्पित कर शहीद अंकित कुंडू को श्रद्धांजलि दी। पुलिस अधीक्षक हिमांशु गर्ग, एसडीएम राकेश कुमार, मंत्री अनूप धानक, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, सतीश नांदल, नायब तहसीलदार बंसीलाल, डीएसपी संदीप समेत अनेक लोगों ने शहीद की अंतिम यात्रा में शामिल हुए
हमारा बेटा मरा नहीं देश पर कुर्बान हुआ
अंकित की पार्थिव देह के अंतिम दर्शन के पहुंची बुआ भी भतीजे की शहादत पर गौरवान्वित नजर आईं। उन्होंने यह कह कर अपनी भावना प्रकट की, हमारा बेटा मरा नहीं, देश पर कुर्बान हुआ है। अपनी मां और भाभी को संभालते हुए बुआ ने कहा कि अंकित को कभी भुलाया नहीं जा सकता है। वह देश की सेवा करते हुए देश के लिए कुर्बान हुआ है। हमें उस पर गर्व है।
शहीद अंकित के स्वागत में सजा गद्दी खेड़ी
अपने लाडले के अंतिम दर्शन व पार्थिव देह के स्वागत में सोमवार को सुबह से ग्रामीण जुटे नजर आए। दोपहर तक ग्रामीणों ने गांव की हर गली तिरंगे रंग में रंग दी। लोगों ने जगह-जगह तिरंगे लगा कर पूरा गांव सजाया दिया। गद्दी खेड़ी में हर तरफ तिरंगा लहराता रहा।
सरकार की योजना अनुरूप शहीद के परिजनों को दिया जाएगा सम्मान : मंत्री अनूप धानक
शहीद अंकित कुंडू के पार्थिव देह पर पुष्प चक्र अर्पित कर मंत्री अनूप धानक ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद दुखद है। देश को शहीद की शहादत पर गर्व है। सरकार की योजना अनुरूप शहीद व उसके परिवार को पूरा मान-सम्मान व लाभ प्रदान किया जाएगा। शहीद को श्रद्धांजलि देते हुए हरियाणा ओलंपिक संघ के कोषाध्यक्ष मनीष कुमार ग्रोवर ने कहा कि देश की रक्षा में हरियाणा के जवानों की अग्रणी भूमिका रहती है। शहीद जवानों को प्रत्येक भारतवासी नमन करता है। भाजपा नेता सतीश नांदल ने कहा कि अंकित की शहादत को ताउम्र याद रखा जाएगा।