रोहतक। सुनारिया कलां गांव में शराब की बोतल को लेकर हुए विवाद में एक युवक परमजीत (30) की उसके दोस्त ने कैंची घोंपकर हत्या कर दी। इस दौरान दोस्त को बचाने आए दूसरे युवक को भी कैंची मारकर घायल कर दिया। घटना के बाद घायलों को पीजीआईएमएस में भर्ती कराया गया है। यहां पर हत्यारोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। परमजीत के भाई की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया है।
शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस ने बताया कि सुनारिया कलां गांव में सुनील का हेयर सैलून है। उसकी परमजीत और अजीत से दोस्ती थी, लेकिन कुछ दिन पहले ही किसी बात पर अजीत से विवाद हो गया था, जबकि अजीत और परमजीत की भी दोस्ती थी। इधर, शुक्रवार को परमजीत अपने दोस्त अजीत के घर से झूठ बोलकर शराब की बोतल ले आया था। उसने घर पर बोला था कि अजीत शराब की बोतल मंगा रहा है। परमजीत शराब बोतल लेकर सुनील के हेयर सैलून पर पहुंचा और दोनों शराब पीने लगे। कुछ देर बाद जब अजीत अपने घर पहुंचा तो उसे पता चला कि परमजीत झूठ बोलकर उसकी शराब की बोतल को लेकर चला गया है। इससे अजीत गुस्से में सुनील के सैलून पर गया। वहां पर देखा कि परमजीत और सुनील दोनों उसी की शराब पी रहे थे। शराब की बोतल को लेकर अजीत ने परमजीत से कहासुनी करनी शुरू कर दी। इसका सुनील ने विरोध किया तो अजीत ने उसे भी धमका दिया। इस बात पर सुनील ने सैलून से कैंची उठाई और अजीत पर हमला कर दिया, लेकिन अपने दोस्त अजीत को बचाने के लिए परमजीत ने सुनील को पकड़ लिया। इस पर सुनील ने परमजीत के सीने पर कैंची घोंप दी। इसी दौरान परमजीत ने भी उस पर हमला कर घायल कर दिया।
घटना के दौरान परमजीत गंभीर रूप से घायल होकर गिर गया। राहगीरों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और आनन-फानन घायलों को पीजीआईएमस में भर्ती कराया गया। यहां चिकित्सकों ने परमजीत (30) को मृत घोषित कर दिया। सुनील और अजीत का भी अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं, मृतक परमजीत के भाई नीरज की शिकायत पर शिवाजी काॅलोनी थाना पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस हत्यारोपी सुनील को अस्पताल से ही हिरासत में ले लिया है।
चार भाई बहनों में बड़ा था परमजीत
नीरज ने बताया कि वह चार भाई बहन थे और सबसे बड़े परमजीत ही थे। घर के सभी काम और जिम्मेदारी उन्हीं के पास थी। चूंकि उनके पिता की कुछ साल पहले मौत हो गई थी, इसलिए पूरे घर की जरूरतों को वही पूरा करते थे। हालांकि कभी-कभार वह शराब का भी सेवन कर लेते थे। -
शादी की भी चल रही थी बात
परिजन ने बताया कि परमजीत की इन दिनों शादी की बात चल रही थी। इसी साल शादी करने के बाद छोटी बहनों की शादी भी उन्हीं को करनी थी, लेकिन सभी अरमान अधूरे रह गए। उन्हें कभी अंदेशा भी नहीं था कि दिन-रात साथ रहने वाला दोस्त सुनील ही उनकी हत्या कर देगा।
शराब पीने के दौरान दोस्तों के बीच विवाद हुआ था, जिसमें परमजीत की कैंची घोंपकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपी को अस्पताल से ही हिरासत में ले लिया है।
- प्रकाश चंद, थाना प्रभारी, शिवाजी कॉलोनी