रोहतक। मां दानों देवी धर्मार्थ ट्रस्ट की ओर से संचालित बिमल प्रसाद जैन एवं सुशीला देवी जैन फिजियोथेरेपी सेंटर में रविवार को निशुल्क परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। तस्वीर सिंह हुड्डा ने बताया कि पिछले महीने 15 जून को समाजसेवी एवं उद्योगपति राजेश जैन ने केंद्र को शुरू किया था। इस शिविर में 79 लोगों की जांच की गई और सभी मरीजों का मशीनों द्वारा उपचार किया गया।
बताया कि केंद्र में आने वाले अभी तक लगभग 10 ऐसे मरीजों की हालत में सुधार हुआ है, जिनकी हालत ज्यादा गंभीर थी। इनमें दो लकवाग्रस्त और दो दुर्घटना से घायल हुए थे। बुजुर्गों ने गांव से केंद्र तक पहुंच पाने की परेशानी के बारे बताते हुए कहा कि केंद्र पर इलाज बहुत अच्छा हो रहा है, लेकिन लाने और ले जाने में व्यक्ति या यातायात साधन की कमी हो जाती है, जिससे नियमित इलाज नहीं करवा पा रहे।
ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष नवनीत हुडा ने बताया केंद्र को शुरू हुए एक महीने में अभी तक लगभग 400 लोगों को फायदा मिल चुका है। कमर दर्द, घुटनों का दर्द, गर्दन दर्द या अन्य जोड़ों के दर्द के मरीज काफी आ रहे हैं। मौके पर जसिया गांव से रामदिया पहलवान, सतबीर, बबला, रामचंद्र, हवासिंह मौजूद रहे। संवाद