रोहतक। प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने रविवार को जिले के लिए मल शोधन संयंत्र पर सौर ऊर्जा ग्रेड संचालित सूक्ष्म सिंचाई परियोजना का शिलान्यास व लघु मृदा परीक्षण प्रयोगशाला का शुभारंभ किया है। दोनों परियोजना वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से सीएम ने जिलेवासियों को दी हैं।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय स्तर पर राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा, हरियाणा ओलंपिक संघ के कोषाध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता मनीष कुमार ग्रोवर तथा वरिष्ठ आईएएस अधिकारी एवं रोहतक जिला के प्रशासनिक सचिव विकास गुप्ता मौजूद रहे। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने रविवार को प्रदेश की जनता को करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी है। सारा कार्यक्रम वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से हुआ, इसमें स्थानीय स्तर पर प्रशासनिक अधिकारी व भाजपा नेता मौजूद रहे।
वेस्ट पानी का होगा प्रयोग, किसान कर सकेंगे सिंचाई
मुख्यमंत्री की ओर से जिले के लिए सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग की ओर से गांव कन्हैली में मल शोधन संयंत्र पर सौर ऊर्जा ग्रेड संचालित सूक्ष्म सिंचाई परियोजना का शिलान्यास किया गया है। इससे वेस्ट पानी का सदुपयोग किया जा सकेगा। सरकार ने शहर के गंदे पानी के शोधन के लिए गांव कन्हेली में 10 एमएलडी क्षमता का एसटीपी लगाया है। इससे साफ किए गए पानी को सूक्ष्म सिंचाई के तहत किसानों को उपलब्ध करवाया जाएगा। एसटीपी पर समुदाय आधारित सोलर ग्रिड से संचालित होने वाला सूक्ष्म सिंचाई ढांचा तैयार होगा। इस पर लगभग 23 करोड़ 13 लाख रुपये की राशि खर्च होगी। इससे 3.06 क्यूसेक पानी सिंचाई के लिए उपलब्ध हो सकेगा। सूक्ष्म सिंचाई के लिए 45 एचपी एवं एक सौ एलपीएस क्षमता के पंप लगाये जाएंगे। खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए 4715 मीटर लंबी मुख्य लाइन बिछाई जाएगी। सोलर ग्रिड पावर पर आधारित समेकित सूक्ष्म सिंचाई परियोजना से मायना गांव के लगभग 300 किसान लाभान्वित होंगे। इससे 1250 एकड़ अर्थात 506 हेक्टेयर भूमि की सूक्ष्म सिंचाई की जाएगी, जिससे नहर के 3.06 क्यूसेक शुद्ध जल की बचत होगी। इस पानी से सिंचाई के बाद भूमि की उर्वरा शक्ति भी बढ़ेगी तथा इस परियोजना से सूक्ष्म सिंचाई को बढ़ावा मिलेगा, जो समय की मांग है।
हर खेत स्वस्थ खेत की परिकल्पना होगी साकार
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सांपला में स्थापित की गई लघु मृदा परीक्षण प्रयोगशाला का उद्घाटन किया है। यह प्रयोगशाला हर खेत स्वस्थ खेत की परिकल्पना को साकार करने का काम करेगी। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा, हरियाणा ओलंपिक संघ के कोषाध्यक्ष मनीष कुमार ग्रोवर, वरिष्ठ आईएएस अधिकारी एवं जिला रोहतक के प्रशासनिक सचिव विकास गुप्ता, अतिरिक्त उपायुक्त महेंद्र पाल, नगराधीश मोहित महाराणा के अलावा सिंचाई कृषि विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।