विधानसभा व लोकसभा चुनाव में कांग्रेस जीत दर्ज करेगी। लोग अपना मन बना चुके हैं। वर्ष 2024 में कांग्रेस की सरकार बनेगी। जो आता दिखाई देता है, उसी की चर्चा होती है। यह राजनीति का आधारभूत दस्तूर है। विधायक चुन कर आ जाएंगे तब पार्टी तय करेगी कि मुख्यमंत्री कौन बनेगा। जिसके साथ बहुमत होगा, वही सीएम बनेगा। ज्यादा विधायकों का समर्थन पाने वाला ही सीएम बनेगा। यह कहना है हरियाणा में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का। वे रविवार को डी-पार्क स्थित अपने निवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
बिहार में विपक्ष के एक मंच पर आने के सवाल पर पूर्व सीएम ने कहा कि यह प्रजातंत्र के हित में पहला अच्छा कदम है। पक्ष और विपक्ष मजबूत होने चाहिए। इसी से प्रजातंत्र मजबूत होगा। कांग्रेस लोकसभा की सभी दस सीटों पर लड़ेगी और जीतेगी। पिछली बार जीत का कोई ज्यादा अंतर नहीं था। केवल चार हजार वाेटों का अंतर था। लोगों की ओर से कहीं कोई कमी नहीं रही। कमी रही तो हमारे टिकट वितरण या अन्य कारण रहे होंगे।
कांग्रेस लगातार ‘विपक्ष आपके समक्ष’ कार्यक्रम, ‘भारत जोड़ो यात्रा’, ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ अभियान और ‘जन मिलन’ समारोह के जरिए जनता के बीच है। अब तक कांग्रेस 7 लोकसभा क्षेत्रों में ‘विपक्ष आपके समक्ष’ कार्यक्रम का आयोजन कर चुकी है। भिवानी में 9 जुलाई को आठवां कार्यक्रम होगा। इसके लिए लगातार तैयारी चल रही है।
कार्यक्रम में कांग्रेस विधायक किरण चौधरी के निमंत्रण न देने के सवाल पर उन्होंने कहा कि खुद फोन करके किरण चौधरी को निमंत्रण दिया है। भिवानी-महेंद्रगढ़ सीट से श्रुति चौधरी के चुनाव लड़ने के दावे पर उन्होंने कहा कि यह फैसला पार्टी प्लेटफॉर्म पर चर्चा के बाद हाईकमान की मुहर से होता है। कौन उम्मीदवार कहां से चुनाव लड़ेगा, इसके बारे में कोई नेता अपनी तरफ से कोई दावा नहीं कर सकता।
पुलिस चौकी बंद करने पर उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है मानो सरकार अपराध और अपराधियों के सामने अपने हाथ खड़े कर चुकी है, इसीलिए ऐसे कदम उठाए जा रहे हैं। पिछले नौ साल से प्रदेश में चल रही सरकार के पास दिखाने के लिए एक भी उपलब्धि नहीं है। वर्ष 2019 चुनाव के बाद से अब तक कांग्रेस के नेता व कार्यकर्ता घर पर नहीं बैठे हैं। जनसंपर्क में लगातार जुटे हुए हैं।
''बीजेपी-जेजेपी सरकार विफलताओं के अंबार पर सवार''
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकाल में हरियाणा प्रति व्यक्ति आय, प्रति व्यक्ति निवेश, रोजगार सृजन, कानून व्यवस्था, खुशहाली और विकास के मामले में नंबर वन राज्य था। मौजूदा सरकार ने हरियाणा को बेरोजगारी, अपराध, नशा, महंगाई और बदहाली में नंबर वन राज्य बना दिया है। इससे पूर्व हुड्डा ने शहर में विभिन्न सामाजिक और धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होकर लोगों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि बीजेपी-जेजेपी सरकार विफलता के अंबार पर सवार है। इस मौके पर विधायक भारत भूषण बतरा, प्रो. विरेंद्र सिंह समेत अनेक नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।