तर मंतर पर बैठे खिलाडीयों के सर्मथन में सेक्टर तीन में विभिन्न संगठनो के सदस्य बैठक करते हुए ।
रोहतक। नागरिक मंच के आह्वान पर सेक्टर -3 के कम्युनिटी सेंटर में बुधवार को दिल्ली में जंतर मंतर पर धरने पर बैठे अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के संघर्ष को सहयोग देने के लिए बैठक आयोजित हुई। इसकी अध्यक्षता डॉ. रणबीर सिंह दहिया और पार्षद कदम सिंह अहलावत ने की। बैठक में विभिन्न संगठनों के लोगों ने भाग लिया।
अहलावत ने बताया कि बैठक में विभिन्न संगठनों से शामिल लोगों ने यह तय किया कि संघर्षरत इन खिलाड़ियों के समर्थन में वीरवार शाम को पांच बजे मानसरोवर पार्क में एक फुटबॉल मैच खेला जाएगा। शहर के सभी गणमान्य नागरिकों, खेल क्लबों, अखाड़ों, खेल प्रेमियों , व्यापार संगठनों, छात्र संगठनों, युवा संगठनों, ट्रेड यूनियनों, किसान एवं मजदूर संगठनों, महिला संगठनों और सभी तरह के न्यायप्रिय संगठनों से यह अनुरोध है कि वह बड़ी संख्या में इस मैच में शामिल हों और संघर्षरत महिला खिलाड़ियों को समर्थन दें। बहुत ही दुख की बात है कि जो खिलाड़ी देश के लिए इतना सम्मान लाते हैं उन्हीं को कई तरह के उत्पीड़न और खासकर महिला खिलाड़ियों को यौन उत्पीड़न से जूझना पड़ रहा है। इन खिलाड़ियों ने पिछले लगभग डेढ़ माह से ओलंपिक एसोसिएशन के प्रधान बृजभूषण शरण सिंह पर जो आरोप लगाए हैं, उन पर कोई संतोषजनक जांच नहीं हुई है। हार कर इन खिलाड़ियों ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। बैठक में शामिल तमाम संगठनों के प्रतिनिधियों ने इस बात पर चिंता जताई कि प्रधानमंत्री ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा तो दिया परंतु बेटियों की सुरक्षा के लिए कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं की गई। इस दौरान सेवानिवृत्त खेल निदेशक राजवीर सिंह, मेहर सिंह देसवाल, हरियाणा ज्ञान-विज्ञान समिति से प्रमोद गौरी एवं प्रीति, एक्स सर्विसमैन लीग से कैप्टन शमशेर सिंह मलिक, एडवोकेट रामचंद्र सिवाच एवं नागरिक मंच के संयोजक लाभ सिंह हुड्डा मौजूद रहे।