रोहतक। घने कोहरे के कारण शुक्रवार को भी पैसेंजर समेत करीब 16 एक्सप्रेस ट्रेनों के पहिए थमे। कई ट्रेनें तो रास्ते में खड़ी कर दी गईं। कोहरे का असर बस यातायात पर भी पड़ा है। क्योंकि गांव की तरफ से आने वाली बसें भी शहर में अपने निर्धारित समय से देरी से रवाना हुईं। हालांकि गांव में इतना कोहरा नहीं रहा, लेकिन बसें जैसे ही सड़कों की तरफ बढ़ी तो कोहरे के कारण उन्हें धीमी गति से ही शहर में प्रवेश करना पड़ा है।
लंबी दूरी व पैसेंजर समेत कुल 22 ट्रेनें रोहतक से गुजरती हैं, जिनमें लंबी दूरी की ट्रेनें शुक्रवार को दो से ढाई घंटे की देरी से स्टेशन पर पहुंची हैं। वहीं पैसेंजर ट्रेन भी अपने निर्धारित समय पर न चलकर देरी से पहुंचीं। इससे यात्रियों को स्टेशन पर ट्रेन के इंतजार के साथ-साथ ठंड का सामना भी करना पड़ा है। कुछ यात्रियों ने बस स्टैंड का रुख कर अपने गंतव्य तक पहुंचे हैं। क्योंकि रेलवे स्टेशन के नए भवन के निर्माण के चलते दो वेटिंग हॉल को तोड़ा जा चुका है, फिलहाल एक ही वेटिंग हाॅल चल रहा है। इसमें एक साथ 50 से 80 यात्री ही बैठ सकते हैं, लेकिन यात्रियों की तादाद ज्यादा होने के कारण उन्हें प्लेटफार्म पर ही ट्रेनों का इंतजार करना पड़ता है।
यात्रियों से बातचीत
-नागपुर के लिए किसी जरूरी काम से जाना है, लेकिन ट्रेन लेट होने के कारण पिछले दो घंटे से ट्रेन का इंतजार कर रहा हूं। बार-बार ट्रेन के बारे में पूछता हूं तो इन्क्वायरी पर भी जानकारी नहीं मिल पा रही है।
- रामनाथ, यात्री
परिवार के सदस्यों को को लेने जाना है। वीरवार को भी ट्रेन न आने के कारण नहीं जा पाया था, लेकिन अब दो घंटे तक भी ट्रेन न आने से टिकट ही रद्द करवा दिया गया है। क्योंकि ट्रेन आने की संभावना भी नहीं लग रही है।
-विनय, यात्री
अप ट्रैक की ट्रेनें
गाड़ी संख्या गाड़ी का नाम देरी से पहुंची
20986 कोटा एक्सप्रेस 3:17 घंटे
04462 रोहतक दिल्ली डेमू 34 मिनट
15910 अवध आसाम 58 मिनट
12456 बीकानेर सुपर फास्ट 2:15 घंटे
14737 भिवानी तिलकब्रिज 34 मिनट
04454 जींद-नई दिल्ली डेमू 27 मिनट
04432 दिल्ली जाखल एक्सप्रेस 1:17 घंटे
14036 धोलाधार एक्सप्रेस 57 मिनट
12482 इंटरसिटी एक्सप्रेस 32 मिनट
डाउन ट्रैक की ट्रेनें
19411 साबरमती से दौलतपुर 1: 48 घंटे
22485 मोगा इंटरसिटी 34 मिनट
20409 दिल्ली कैंट से बठिंडा 38 मिनट
12485 साहेब नांदेड़ से श्रीगंगानगर 14:16 घंटे
12481 इंटरसिटी एक्सप्रेस 27 मिनट
16031 अंडमान एक्सप्रेस 4: 16 घंटे
04457 दिल्ली से जींद स्पेशल मेमू 2:34 घंटे