बेरी। चैत्र नवरात्र के पहले दिन विश्व प्रसिद्ध मां भीमेश्वरी देवी के दरबार में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। मंदिर में दर्शन करने के लिए अलसुबह से भक्तों की मंदिर में कतारें लग गई थी। मां भीमेश्वरी देवी मंदिर में देर रात से भक्तों ने पहुंचना शुरू कर दिया था। मां भीमेश्वरी देवी मंदिर के बाहर व अंदर वाले भवनों को फूलों से सजाया गया। पुजारी ने मंत्रोच्चारण के साथ मां का स्नान करवाया। बाद में मंगला आरती की गई। उसके बाद मां के दर्शन भक्तों लिए खोल दिए।
दोपहर बाद मां को बैंड-बाजों के साथ अंदर वाले भवन में लाया गया। जहां मां को भोग लगाया। उसके बाद अंदर वाले दरबार में मां के भक्तों के लिए दर्शन खोल दिए। बेरी एसडीएम रविंद्र मलिक ने सुबह आरती में शामिल होकर पूजा-अर्चना की और मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मेले में ड्यूटी कर रहे कर्मचारी को दिशा-निर्देश दिए। भीमेश्वरी देवी का संसार में अकेला मंदिर है, जहां पर मां की प्रतिमा तो एक है, लेकिन मां के मंदिर दो है। मां का बारी-बारी से दोनों मंदिरों में जाना होता है। मां भीमेश्वरी देवी को सुबह बाहर वाले मंदिर में सुबह साढ़े चार बजे लाया जाता है। दोपहर 12 बजे के बाद मां की प्रतिमा को पुजारी अपनी गोद में उठाकर शहर के अंदर वाले मंदिर में लेकर जाते है। बाद में मां रातभर अंदर वाले मंदिर में आराम करती हैं। मंदिर के पंडित कुलदीप वशिष्ठ ने बताया कि देवी को सुबह साढ़े 4 बजे बाहर वाले मंदिर में लाया गया, जहां मंगला आरती के बाद श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में हाजिरी लगाई।
पावन ज्योत लेने उमड़ी भीड़
प्रथम नवरात्र पर मां भीमेश्वरी के दरबार में प्रदेश के कोने-कोने से भक्त अंखड़ ज्योत लेने यहां पहुंचते हैं। मंदिर प्रबंधन द्वारा ज्योत लेने वालों के लिए खासा इंतजाम किया गया था। ज्योत लेने पहुंचे भक्तों ने बताया कि वे हर नवरात्र मां के दरबार पैदल आते हैं और मंगला आरती लेकर पैदल ही गांव लौटते हैं।
कोलकाता से बनकर आई मां की पोशाक
चांदी के सिंहासन पर मां का भव्य रूप का देशभर से आए श्रद्धालुओं ने दर्शन किया। मां की पोशाक कलकत्ता से विशेष तौर पर तैयार की गई है। साथ ही मां के अंदर वाले मंदिर को फूलों से सजाया गया है।
पांच नाके लगाए, ओवरलोड वाहनों का प्रवेश बंद किया
मेले में श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसको लेकर पुलिस ने कस्बे के चारों तरफ 5 नाके लगाए हुए है। माता मंदिर मार्ग पर ओवरलोड वाहनों की एंट्री बंद की हुई है। मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा अलग-अलग शिफ्टों में पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई हुई है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी प्रकार की कोई चूक नहीं होने दी जाएगी। पुलिस कर्मियों को सख्त निर्देश दिए गए है कि मंदिर से आने वाले श्रद्धालुओं से व्यवहार ठीक किया जाए।
प्रदीप दलाल, शहर चौकी प्रभारी, बेरी।