रोहतक। तीन माह पहले हुई महम शुगर मिल के कर्मचारी हिसार के सिंघवा खास गांव निवासी अनिल की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतक के बेटे की शिकायत पर कलानौर पुलिस ने ब्यूटी पार्लर संचालिका सहित पांच के खिलाफ आईपीसी की धारा 304, 404 व 34 के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक शुगर मिल कर्मी के बेटे दीपक ने दी शिकायत में बताया कि उसके पिता महम शुगर मिल में नौकरी करते थे। 28 जुलाई को उसके उसकी बुआ के घर गुढाण गांव में गये थे। उसी दिन सवा दो बजे उसके पिता के मोबाइल पर एक नंबर से कॉल आई, जिसमें पता चलना कि यह कॉल एक ब्यूटी पार्लर ने किया है। महिला उसके पिता की कार में सवार होकर एक भट्ठे के पास निगाना मोड़ तक गई थी। 3 बजे उसके पिता के मोबाइल से ताऊ के बेटे के फोन पर अज्ञात व्यक्ति ने कॉल की। कॉल करने वाले ने कहा कि उसके पिता के साथ एक महिला व दो युवक हाथापाई व खींचतान कर रहे थे। उसके ताऊ के लड़के ने तत्काल गुढाण गांव में बुआ के लड़के को कॉल की। बुआ का बेटा मौके पर पहुंचा, जहां कॉल करने वाले युवक ने उसे पूरे घटनाक्रम के बारे में अवगत कराया। संदीप उसके पिता को कार में डालकर कलानौर ले गया। तत्काल अस्पताल में न दाखिल कराकर काफी देर तक गाड़ी में ही रखा। शाम को सवा पांच बजे सरकारी अस्पताल में दाखिल कराया। आरोप है कि जानबूझकर उसके पिता को दाखिल नहीं कराया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।