गोहाना। गांव खानपुर कलां स्थित महिला मेडिकल कॉलेज के सामने रविवार रात करीब 9.45 बजे शॉर्ट सर्किट से पिज्जा की दुकान में आग लग गई, जिससे दुकान के अंदर रखा सामान पूरी तरह से जल गया। हादसे की सूचना दमकल विभाग को दी गई। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने आग पर काबू पाया। तब तक अंदर रखा सामान जल चुका था। आस-पास के लोगों का कहना है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी थी। हादसे की वजह से आसपास की दुकानों को भी नुकसान पहुंचा है।
दुकान के मालिक यशपाल ने बताया कि बीपीएस महिला मेडिकल कॉलेज के सामने रात करीब 9.45 बजे पिज्जा की दुकान के अंदर बिजली की फिटिंग में अचानक स्पार्किंग होने लगी। स्पार्किंग से दुकान में आग लग गई। बिजली आपूर्ति चालू होने के कारण उसमें पानी डाल आग बुझाना संभव नहीं था। बिजली विभाग को फोन किया गया। जब तक बिजली विभाग की तरफ से पावर सप्लाई बंद की गई, तब तक आग भड़क चुकी थी। साथ ही दमकल विभाग को फोन पर सूचना दी गई। आग लगने के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई।
चार दुकानों में बिजली के उपकरण जले
दुकानदारों के अनुसार बिजली की वॉल्ट कम-ज्यादा हो रही थी, जिसकी वजह से आग लगी है। पिज्जा की दुकान के पास लगी आशीष, राहुल, प्रवीन व अजित की दुकान में भी इनवर्टर, फ्रिज, एसी व अन्य उपकरण जल गए हैं। पीड़ित दुकानदारों ने प्रशासन से मुआवजे की गुहार लगाई है। दमकल कर्मचारी रमेश ने बताया कि रविवार रात करीब 9.45 बजे सूचना मिली थी कि बीपीएस महिला मेडिकल कॉलेज के सामने दुकान में आग लग गई है। टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। जब तक आग पर काबू पाया गया, दुकान जल चुकी थी।