रोहतक। जनता कॉलोनी में सुनारिया चौक के नजदीक शार्ट सर्किट के चलते शुक्रवार सुबह नौ बजे परचून की दुकान में आग लग गई, जिसकी चपेट में आने से सात साल की बच्ची भी झुलस गई। उसे पीजीआई के ट्रॉमा सेंटर में दाखिल कराया गया है। पीड़ित दुकानदार का कहना है कि उसे करीब तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
बिहार निवासी जगमोहन ने बताया कि वह 10 साल से रोहतक में रह रहा है। इसके लिए जनता कॉलोनी में किराये पर मकान ले रखा है। साथ ही सुनारिया चौक के नजदीक किराने की दुकान चलाता है। शुक्रवार सुबह वह निजी कार्य से घर से बाहर गया हुआ था। दुकान पर 15 साल का युवक पवन व उसकी बेटी सात वर्षीय स्नेहा बैठी थी। करीब नौ बजे अचानक बिजली के तार में शार्ट सर्किट हुआ। चिंगारी बेटी के पैर पर आ गिरी। साथ ही पूरी दुकान में आग लग गई। मौके पर भीड़ जमा हो गई। हादसे की सूचना पाकर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया।