शिवाजी कॉलोनी स्थित एक दुकान में आग लगने के बाद मौके पर मौजूद लोग । संवाद
रोहतक। शहर की शिवाजी काॅलोनी में रविवार दोपहर शाॅर्ट सर्किट के चलते जूतों के गोदाम में आग लग गई। गोदाम मालिक का आधा परिवार हरिद्वार गया हुआ था। सूचना पाकर फायर ब्रिगेड की दो गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।
शिवाजी काॅलोनी निवासी हिमांशु सिक्का ने बताया कि उसके चाचा सतीश ने नीचे जूतों का गोदाम व ऊपर मकान बना रखा है। परिवार के ज्यादातर हरिद्वार घूमने गए हुए हैं। घर पर सतीश व उनके बेटे अंकुश सिक्का थे। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे गोदाम के अंदर से धुआं उठता दिखाई दिया। तत्काल फायर ब्रिगेड को मामले की सूचना दी गई। दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। सबसे पहले गोदाम से आगे का सामान बाहर निकाला गया। इसके बाद फायर कर्मियों ने पिछले हिस्से लगी आग को बुझाया। हालांकि फिर भी काफी नुकसान हो गया।