रोहतक। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) के सेक्टर 2 व 3 के खाली प्लाॅटों में जलभराव की समस्या बनी हुई है। पार्षद की ओर से बार-बार शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है।
सेक्टर निवासी धर्मवीर सिंह, अनुराग, अजीत, ओमप्रकाश समेत अन्य लोगों ने कहा खाली प्लाॅटों में हो रहे जलभराव का मुख्य कारण मालिकों व अधिकारियों की अनदेखी है। इसका खामियाजा सेक्टरों में रह रहे लोगों को उठाना पड़ रहा है। अधिकांश प्लाॅट अलाॅट तो हो चुके हैं, लेकिन वर्षों से ये खाली पड़े हैं। खाली प्लाॅटों की गहराई ज्यादा होने से बारिश का पानी अकसर इसमें भर जाता है। निकासी न होने के कारण पानी से बदबू फैलने लगती है। इसकी वजह से यहां मच्छर पनप रहे हैं। आसपास झाड़ियां उगने से जहरीले जीव-जंतु बाहर आ जाते हैं।
पानी की निकासी के लिए बना नाला पड़ा है ठप
जगदेव, मीनाक्षी व लेखा समेत अन्य लोगों ने बताया कि बारिश के पानी की निकासी के लिए अलग से नाला बनाया हुआ है। लेकिन सेक्टर का नाला पूरी तरह से ठप है। बारिश के दौरान सड़कों पर जलभराव हो जाता है।
खाली प्लाॅटों के लिए लोगों को मकान बनाने का नोटिस जारी होना चाहिए। जलभराव न हो उसके लिए कोई अलग से व्यवस्था होनी चाहिए। लोगाें के घरों में नमी आ गई है। कुछ में आने का खतरा बना हुआ है। निकासी के लिए कोई समाधान हो नहीं रहा है। निगम की बैठक में भी बहुत बार मुद्दा उठा चुके, लेकिन कहीं पर सुनवाई नहीं हो रही है।
कदम सिंह अहलावत, पार्षद वार्ड 11
पानी की निकासी के लिए पहले भी जेनरेटर लगवाकर पानी निकलवाया गया था। कुछ जगहों पर अभी भी पानी निकाला जा रहा है। लेकिन जहां पर ज्यादा समस्या बनी हुई है वहां भी पानी निकलवा दिया जाएगा। सेक्टरवासियों को परेशान नहीं होने दिया जाएगा।
- कृष्ण, जेई, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण