कोरोना संक्रमण के चलते अटकी अंतिम वर्ष की परीक्षाओं को अंतिम रूप देने की तैयारी कर ली गई है। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) प्रशासन ने इसके लिए शनिवार शाम दिशा-निर्देश वेबसाइट पर अपलोड कर दिए हैं। इसके तहत कम विद्यार्थियों की संख्या वाले कोर्सों के लिए लिखित परीक्षा कराई जाएगी। इसमें ऑनलाइन परीक्षा का भी विकल्प रहेगा। जबकि अधिक विद्यार्थियों वाले कोर्सों में वैकल्पिक प्रश्नों के साथ परीक्षा ली जाएगी। इधर, शनिवार रात 12 बजे ऑनलाइन या ऑफलाइन परीक्षा देने को लेकर मांगी विद्यार्थियों की राय के लिए चल रही सर्वे बंद हो गई। अब सोमवार को विवि प्रशासन बैठक कर अगली रणनीति स्पष्ट करेगा। अब तक अंतिम वर्ष की परीक्षा देने व अगली कक्षा में प्रवेश पाने का इंतजार कर रहे विद्यार्थियों का इंतजार खत्म हो गया है। इसके लिए विवि की ओर से अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों की ऑनलाइन या ऑफलाइन परीक्षा लेने से पूर्व सर्वे के जरिये राय जानी गई। सर्वे शनिवार रात 12 बजे बंद हुई। अब इन आंकड़ों के आधार पर विवि अपना परीक्षा के तरीके पर फैसला लेगा। इस बारे में सोमवार को बैठक होगी। एमडीयू के कंप्यूटर सेंटर निदेशक डॉ. जीपी सरोहा ने कहा कि विवि प्रशासन ने परीक्षा संबंधी इंस्ट्रक्शन वेबसाइट पर अपलोड कर दिए हैं। इसके तहत कम विद्यार्थियों की लिखित परीक्षा होगी। जबकि अधिक विद्यार्थियों के लिए वैकल्पिक प्रश्नों की परीक्षा की व्यवस्था है। इसके अलावा दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों की सुविधा के लिए फीस जमा कराने की अंतिम तिथि 31 अगस्त कर दी गई है।