संवाद न्यूज एजेंसी
महम। गेहूं व सरसों की बुवाई करते समय जमीन की उपजाऊ शक्ति बढ़ाने के लिए प्रयोग किया जाने वाले डीएपी खाद के लिए किसानों को सुबह से शाम तक परेड करनी पड़ रही है। स्थानीय अनाज मंडी में स्थित कृभको बिक्री केंद्र पर लाइन में लगे किसान ओम सिंह, बारू डग्गू, हरिओम, कर्मपाल, वीरभान, जय भगवान आदि का कहना था कि सुबह से बिक्री केंद्र के बाहर लाइन लगाकर खड़े हैं, लेकिन केंद्र पर अव्यवस्था के चलते उनको अभी तक डीएपी खाद नहीं मिला है। बताया गया कि खाद का वितरण आधार कार्ड के आधार पर किया जा रहा है। कुछ किसान ज्यादा खाद लेने के लिए गैर जरूरतमंद व्यक्ति को आधार कार्ड सहित लेकर लाइन में लगा देते हैं। इससे जरूरतमंद किसान को खाद नहीं मिल रही है। किसानों ने बताया कि इस समय सरसों व गेहूं की बुवाई के लिए डीएपी की विशेष जरूरत है। खाद न मिलने से उनकी फसल प्रभावित हो सकती हैं। इस बारे में कृभकों बिक्री केंद्र पर तैनात सेल्जमैन जयपाल शर्मा का कहना है कि उनके पास 800 बैग डीएपी खाद आया था। सुबह से 600 बैग वितरित किए जा चुके हैं। एक आधार कार्ड पर पांच बैग दिए जा रहे हैं। जो भी किसान लाइन में लगा है सभी को खाद उपलब्ध कराया जा सकता है, लेकिन कुछ किसान धक्का-मुक्की का माहौल तैयार कर देते हैं, जिसके कारण वितरण कार्य बाधित हो जाता है। उन्होंने किसानों से व्यवस्था बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि अभी गेहूं की बिजाई का मौसम नहीं आया है। बिजाई का समय आने तक खाद की कमी नहीं रहेगी। सरसों की बिजाई के लिए किसानों को सिंगल सुपर फास्फेट का प्रयोग करना चाहिए जो बाजार में आसानी से मिल रहा है।