रोहतक। सैनिक परिवार भवन स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (महिला) में वीरवार को द्वितीय वित्तीय साक्षरता संगोष्ठी आयोजित की गई। इसका आयोजन हरियाणा सरकार के युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता मंत्रालय ने किया। संस्थान के प्राचार्य राजपाल सिंधु ने बताया कि पहले दिन यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की विपणन अधिकारी शगुन तूरा ने बताैर मुख्य अतिथि छात्राओं को बैंकिंग प्रणाली और उसके सुरक्षित प्रयोग की जानकारी दी। दूसरे दिन पुलिस विभाग के साइबर सेल से सहायक उप-निरीक्षक दयानंद जांगड़ा ने साइबर सुरक्षा पर जागरूक किया। उन्होंने वित्तीय धोखाधड़ी के विषय में भी बताया। तीसरे दिन पंजाब नेशनल बैंक के क्षेत्रीय अधिकारियों ने जानकारी साझा की। संगोष्ठी के समापन पर सभी से वित्तीय साक्षरता के बारे में दूसरों को भी जागरूक करने का आग्रह किया गया। इस अवसर पर राजकीय आदर्श औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के कर्मचारी और छात्र-छात्राएं भी उपस्थित रहे। संवाद