रोहतक। एमडीयू के खेल विभाग में ट्रायल के लिए आई एक युवती एथलेटिक्स स्टेडियम पवेलियन की छत से गिर कर घायल हो गई। यह खिलाड़ी पीजीआई में उपचाराधीन है। इस मामले में किसी तरह की शिकायत नहीं दी गई है।
रविवार दोपहर को विवि के खेल परिसर में एक युवती स्टेडियम पवेलियन की छत से गिर गई। बताया जा रहा है उसका संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिरी। घटना का पता लगते ही कोच, खिलाड़ी व अन्य लोगों तुरंत एंबुलेंस बुलाकर उसे अस्पताल भिजवाया। एंबुलेंस उसे पीजीआई के ट्रामा सेंटर में ले गई। यहां उसका इलाज चल रहा है। विवि परिसर में वह गुरुग्राम के झाड़सा से लॉन्ग जंप स्पर्धा में चयन के लिए आई थी। युवती की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।