08महम01... बहलबा गांव में जलभराव का फाइल फोटो।
महम। बरसात के माैसम में बहलबा गांव के खेतों में हर साल जलभराव की समस्या बनती है। किसानों को फसल का नुकसान झेलना पड़ रहा है। समस्या के समाधान के लिए किसानों ने मुख्यमंत्री नायब सैनी के पास चिट्ठी भेजकर गुहार लगाई है। किसान विनय अहलावत, सतबीर, उमेश, अमित, अंकित, अन्नू, राहुल, सतपाल, संदीप, राजबीर, रामफल, ज्योति ने बताया कि बहलबा की चारों पंचायतों ने अपने लेटर हैड पर मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है। पत्र में लिखा है कि ग्राम पंचायत बहलबा में महम बेरी रोड के साथ में रामस्वरूप एचपी पेट्रोल पंप के सामने लगभग 150 से 200 एकड़ जमीन में लगातार कई वर्षों से पानी जमा हो रहा है। पानी निकासी का कोई प्रबंध नहीं हैं। खेतों की समय पर फसल बिजाई नहीं हो पाती है। यदि बिजाई हो जाती है तो थोड़ी बरसात में ही जलभराव होने से फसल खराब हो जाती है। किसानों ने मांग की है कि क्षेत्र में पानी निकासी के लिए पाइप लाइन बिछाकर प्रबंध किया जाए। पाइप लाइन के लिए सभी मूल दस्तावेज एसडीओ मदीना के पास जमा करवा दिए हैं। जिला कार्यकारिणी जल सेवाएं रोहतक की तरफ से फ्लड एजेंडा भी बनाकर मुख्यमंत्री कार्यालय में ऑनलाइन भेजा जा चुका है। किसानों का कहना है कि समस्या को लेकर राज्यसभा सदस्य रामचंद्र जांगड़ा व तत्कालीन लाेकसभा सदस्य अरविंद शर्मा से भी मिल चुके हैं। भाजपा नेताओं द्वारा समाधान का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अभी तक कोई भी कार्य विभाग द्वारा शुरू नहीं किया गया है। किसानों ने मुख्यमंत्री से अति शीघ्र समाधान के लिए कार्य शुरू कराने की मांग की है।