रोहतक। 29 साल से भटक रहे बेटे की फरियाद सुनकर उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने अधिकारियों को उसके पिता का मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने का आदेश दिया। यही नहीं इस मामले पर जब नियमों की अड़चन डाली जा रही थी तो स्वयं उप मुख्यमंत्री ने कहा कि आप लोगों से नहीं होता तो उनसे साइन करवा लो। क्योंकि व्यक्ति की मौत तो हुई है और पोस्टमार्टम भी हुआ है। इसके लिए पुलिस के सीमा विवाद की तरह मामले को क्यों उलझा रहे हो। यह दृश्य था वीरवार को जिला विकास भवन स्थित डीडीए सभागार का। यहां उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला जिला लोक संपर्क व परिवेदना समिति की बैठक में सुनवाई करने पहुंचे थे।
बैठक में 17 शिकायतें रखी गई, इनमें से 12 का मौके पर समाधान हुआ और शेष पांच शिकायतों को अगली बैठक तक समाधान करने के आदेश दिए गए। बैठक में भापडोदा के युवक ने बताया कि उसके पिता की मृत्यु 1994 में हुई थी, उस समय वह चार महीने का था और वह आज तक मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए ठोकर खा रहा है। मृतक का पोस्टमार्टम पीजीआईएमएस में हुआ था, इसके बावजूद चक्कर काटने पड़ रहे हैं। इस पर अधिकारियों को जल्द सर्टिफिकेट जारी करने को कहा गया। वहीं एक जमीनी विवाद में आए भाई-बहन की शिकायत को सुनने से ही इंकार कर दिया गया। कहा गया कि यह उनका पारिवारिक मामला है और कोर्ट में केस विचाराधीन है। दोनों पक्षों की ओर से अपनी-अपनी बात रखी जा रही थी तो उन्हें कहा गया कि वहां झगड़ा न करें।
इन एजेंडों पर हुआ फैसला
1. सनसिटी व सेक्टर 34,35,36 में बरसाती पानी की निकासी व घरों से निकलने वाले गंदे पानी की शिकायत के मामले में अधिकारियों ने बताया कि 70 करोड़ रुपये का एस्टीमेट तैयार कर मुख्यालय भेज दिया है। सीवर के लिए अलग से 30 करोड़ रुपये जारी किए हैं। जल्द कार्य शुरू होगा।
2. रैनकपुरा और कबीर कॉलोनी में निर्माणाधीन बूस्टर पर काम रुकने की समस्या पर डीसी व निगम कमिश्नर ने बताया कि उन्होंने खुद मौके का मुआयना किया है। इस पर पॉजिटिव रिपोर्ट मुख्यालय भेजी गई है। एक महीने का समय लगेगा और जल्द उसका समाधान करवा दिया जाएगा।
3. शुभचंद जैन के भूमि विवाद मामले में उपमुख्यमंत्री ने एसडीएम राकेश कुमार को आदेश दिया कि दोबारा से इनकी जमीन की पैमाइश की जाए और साथ में बनी दुकानों की भी पैमाइश की जाए। अगर सच में इनकी जगह निकलती है तो इन्हें उस जगह पर कब्जा दिया जाए। वरना आगे की तरफ से दस फिट अतिक्रमण को भी तोड़ें।
4.बहलबावासियों की अंडरपास में पानी भरने की समस्या को लेकर बताया कि इसमें पीडब्ल्यूडी द्वारा इसका प्रस्ताव बनाकर मुख्यालय भिजवा दिया है।
6. जसिया गांव में सड़क पर घर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल के सामने सड़क की जमीन पर घर बनाने के मामले में बताया गया कि मकान को जेसीबी द्वारा ढहाया गया है और साइट को पूरी तरह से क्लियर करवा दिया है।
7. चिड़ी के किसान को फसल का बीमा नहीं मिलने के मामले में बैंक के अधिकारियों ने बताया कि उनके अधिकारी का ट्रांसफर हो गया है। हमें 15 दिन का समय दें, ब्याज समेत इनकी फसल का मुआवजा इनके खाते में डाल दिया जाएगा। हालांकि पिछली बैठक में डिप्टी सीएम ने चेतावनी दी थी कि यदि किसान का काम नहीं हुआ तो एक दिन की प्रशासनिक जेल काटनी पड़ सकती है।
8. महम के अनिल से ऑनलाइन ठगी के मामले में डीएसपी डॉ. रविंद्र कुमार ने बताया कि मामले जांच की गई है, नंबर ट्रेस किए तो वह वेस्ट बंगाल के पाए गए। वहां पर छापेमारी की गई, लेकिन कुछ नहीं पता चला। इस मामले को पुलिस द्वारा रद्द कर दिया गया था।
9. निंदाना के अनिल की मधुबन निवासी द्वारा विदेश भेजने के नाम पर 28 लाख रुपये लेने के मामले में पुलिस ने बताया कि जांच सामने आया है कि रुपये बिजनेस को आगे बढ़ाने के लिए दिए थे न कि विदेश भेजने के नाम पर।
10. चाहरदिवारी पर सफेदे गिरने का अंदेशा होने की शिकायत पर निर्मला देवी ने बताया पीजीआईएमएस की दीवार के पास लगे सफेदे उनकी चाहर दीवारी पर गिरने वाले हैं। वह दीवारों की तरफ पूरी तरह से झुकें हुए हैं। अधिकारी ने बताया कि वन विभाग को रिपोर्ट कर दिया है, वह दो दिन बाद ही उन्हें कटवा देंगे।
11. गांव व घर के बाहर गंदे नाले की समस्या को लेकर बलियाना के कृष्ण की गांव बाहर और घर के आगे से गंदा नाला जाने की समस्या पर बताया गया कि एनजीटी की गाइडलाइन के अनुसार उसे कवर नहीं कर सकते, लेकिन जल्द ही कोई समाधान निकाला जाएगा।
12. राम गोपाल कॉलोनी से बिजली के मीटर की शिकायत पर बताया गया कि समस्या का समाधान हो गया है। पीड़ित ने उप मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
13. शोरा कोठी में पानी न आने की समस्या को लेकर शिकायतकर्ता बैठक में नहीं पहुंचे, लेकिन बताया गया कि शिकायत का समाधान करवा दिया है।
14. रजिस्ट्री न हो पाने की समस्या को लेकर खेड़ी साध के बलबीर की प्लाट बेचने में आ रही समस्या पर बताया गया कि समाधान कर दिया गया है। हालांकि शिकायतकर्ता बैठक में नहीं पहुंचे।
15. पेंशन बंद होने की समस्या को लेकर मोखरा के धर्म व उनकी पत्नी की पेंशन बंद होने की समस्या थी, लेकिन अब समस्या का समाधान होने से वह बैठक में ही नहीं पहुंचे।
हुड्डा साहब कहां हो...
पूर्व मंत्री कृष्णमूर्ति हुड्डा की शिकायत एजेंडे में तो पहुंची, लेकिन वह खुद नहीं पहुंचे। इस पर डिप्टी सीएम ने पूर्व मंत्री कृष्णमूर्ति हुड्डा की चर्चा की और पूछा कि वह बैठक में क्यों नहीं आए। उन्होंने स्वयं पूर्व मंत्री के नाम की आवाज लगाते हुए कहा कि हुड्डा साहब कहां हो, लेकिन जवाब नहीं मिला। इस पर मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने बताया कि पूर्व मंत्री से पांच दिन का समय और मांगा गया है। वहां सीवर लाइन की गहराई ज्यादा है और रोड पर आवाजाही भी ज्यादा है। रात के समय काम करना पड़ता है। इसलिए पांच दिन में समाधान करवा दिया जाएगा।
ये रहे मौजूद
मेयर मनमोहन गोयल, उपायुक्त अजय कुमार, नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खडगटा, एसपी डॉ. हिमांशु गर्ग, जिला परिषद चेयरपर्सन मंजू हुड्डा, जजपा के कानून प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष बलवान सुहाग, जितेंद्र बल्हारा, संजय बल्हारा, प्रदीप देशवाल, जिलाध्यक्ष नंबरदार दलबीर भराण, राजेश सैनी, उप मंडलाधीश राकेश कुमार सैनी, सुभाष चंद्र जून व दलबीर फौगाट, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विजय सिंह मलिक, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त महेश कुमार, नगराधीश मोहित महराना, परिवहन डिपो के महाप्रबंधक भारत भूषण गोगिया, प्रादेशिक परिवहन प्राधिकरण के सचिव डॉ. संदीप गोयत, सिंचाई विभाग के अधीक्षक अभियंता दिनेश राठी, लोकनिर्माण विभाग के अधीक्षक अभियंता सुखबीर सिंह, सिविल सर्जन डॉ. अनिल बिरला, जिला राजस्व अधिकारी चंद्रमोहन बिश्नोई, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी जितेंद्र कुमार आदि रहे।