रोहतक। बलियाना, खरावड़, खेड़ी साध, नौनंद के किसानों ने शुक्रवार को उपायुक्त से मुलाकात की। यहां आईएमटी में तीसरे फेज में किसानों को रिहायशी प्लाॅट देने का ड्राॅ निकालने की अपील की। एचएसआईआईडीसी विभाग की ओर से अधिग्रहीत जमीन पर नोटिफिकेशन के तहत यह ड्राॅ निकाला जाना था। अब ऐसा नहीं हुआ है, जबकि आरटीआई में खुद विभाग ने प्लाॅट काटने का वादा किया था।
किसानों का कहना है कि वे पिछले 10 वर्षों से अपने प्लाॅट का इंतजार कर रहे हैं। नियमानुसार तीसरे फेज में विभाग को ड्राॅ निकालना चाहिए था जबकि ऐसा नहीं किया जा रहा है। आरएंडआर पॉलिसी 2020 के नियमों के तहत व अधिग्रहण की गई जमीन पर किसानों को रिहायशी प्लाॅट की उचित कीमत निर्धारित कर ड्राॅ निकाला जाए। इस बारे में कई बार एचएसआईआईडीसी के अधिकारियों से मिल चुके हैं। यहां कोई सुनवाई नहीं हुई। किसानों का कहना है कि उपायुक्त ने शीघ्र ही उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
वर्जन
किसानों के प्लाॅट की ड्राॅ की प्रक्रिया जारी है। इनकी आईडी जारी होनी है। यह काम जल्द पूरा होने की उम्मीद है। इसके बाद ड्राॅ की कार्रवाई की जाएगी।
- कुलदीप कादयान, संपदा अधिकारी, एचएसआईआईडीसी।