रोहतक। थाना बहु अकबरपुर क्षेत्र के डोभ गांव में एक बाइक सवार ने दूसरे बाइक सवार को टक्कर मार दी। इसमें एक बाइक सवार किसान की मौत हो गई। किसान के भतीजे की ओर से गांव के बाइक सवार युवक के खिलाफ लापरवाही का केस दर्ज करवाया गया है। वहीं, पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
डोभ गांव निवासी दीपक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया 16 अक्तूबर की शाम को उनके चाचा महेंद्र प्रतिदिन की तरह खेत पर बाइक से घूमने के लिए आए थे। उस समय वह भी खेत पर ही मौजूद था। देर शाम को उनके चाचा अपनी बाइक से घर के लिए जाने लगे तो कुछ ही मिनट में वह भी पीछे-पीछे चल दिए। जब मेन रोड बाईपास डोभ के पास पहुंचे तो उनके गांव का रहने वाला राहुल बाइक लेकर आया और उनके चाचा महेंद्र की बाइक में टक्कर मार दी। इससे उनके चाचा महेंद्र और राहुल की बाइक पर सवार रोहित घायल हो गए। राहगीरों ने दोनों को पीजीआईएमएस में भर्ती करवाया, जहां पर उनके चाचा महेंद्र की इलाज के दौरान मौत हो गई। पीड़ित ने पुलिस के समक्ष शिकायत देकर गांव के ही राहुल के खिलाफ थाने में केस दर्ज कराया है।