रोहतक। खुफिया विभाग ने कृषि विभाग की टीम के साथ मिलकर सोमवार शाम को शहर के सुनारिया रोड पर रिहायशी एरिया के एक मकान में चल रही नकली कीटनाशक दवाइयां बनाने की फैक्टरी पकड़ी है। दवाइयां के साथ कच्चा माल भी बरामद किया गया। इस संबंध में शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस कार्रवाई कर रही है।
कृषि विभाग के एसडीओ राकेश सिंह ने बताया कि खुफिया विभाग से सूचना मिली कि सुनारिया रोड पर कुंज विहार में एक मकान में नकली कीटनाशक दवाइयां बनाने की फैक्टरी चल रही है। इसके बाद एक टीम तैयार की गई, जिसमें कृषि विभाग के उप निदेशक महाबीर सिंह, डीडीए डाॅॅ. संदीप मलिक, एसडीओ राकेश कुमार सहित पुलिस की टीम भी शामिल रही। संयुक्त ने घर पर दबिश दी तो पता चला कि फैक्टरी बालंद गांव के युवक के मकान को किराये पर लेकर जितेंद्र नाम का युवक चला रहा था। लेकिन मौके पर हांसी (हिसार) निवासी सुनील, उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के राजपुरा निवासी पिंटू व चांदनी ही मिले। नकली दवाइयां बनाने का काम जारी था, लेकिन वे फैक्टरी का किसी तरह का लाइसेंस नहीं दिखा सके। इसके बाद टीम ने अलग-अलग दवाइयों के चार सैंपल भरे। साथ ही 30 पेटी तैयार की गईं दवाइयां, सात मशीन, 30 पेटी खाली रैपर व अन्य सामान मिला। माल को गाड़ी में भरकर शिवाजी कॉलोनी थाने में लाया गया। देर रात तक पुलिस कार्रवाई में जुटी हुई थी।
कृषि विभाग के एसडीओ की शिकायत लेकर कार्रवाई कर रहे हैं। फैक्टरी से बरामद माल को जब्त कर लिया है। जल्द केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एसआई प्रकाशचंद, कार्यकारी थाना प्रभारी शिवाजी कॉलोनी