बहादुरगढ़। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले का रहने वाला रामप्रवेश चौहान शुक्रवार रात को गुरुग्राम के बिलासपुर से परचून का सामान गाड़ी में भरकर कुंडली के लिए रवाना हुआ था। जब यहां केएमपी पर आसौदा में फ्लाईओवर के निकट पहुंचा तो आगे चल रहे किसी वाहन ने अचानक ब्रेक लगा दिए। ब्रेक लगते ही रामप्रवेश की गाड़ी आगे चल रही गाड़ी से जा टकराई। इससे केबिन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और रामप्रवेश उसमें फंस गया। उसे गंभीर चोटें आई, जिस कारण उसकी जान चली गई। जब तक राहगीर बचाव कार्य शुरू करते देर हो चुकी थी। सूचना पाकर आसौदा थाने से पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक शख्स के पास मिले दस्तावेजों से पहचान हुई।इसके बाद पुलिस ने परिजनों से संपर्क किया। चचेरे भाई के बयान पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। केएमपी पर सीसीटीवी चेक कर आरोपी वाहन चालक का पता लगाया जाएगा। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। संवाद