दिल्ली में जंतर मंतर पर प्रदर्शन करने वाले पहलवान विनेश फोगाट, बजरंग पूनिया, साक्षी मलिक समेत छह पहलवानों को ट्रायल में छूट मिलने के बाद जूनियर पहलवानों में रोष गहरा गया है। यह रोष आंदोलन का रूप भी ले सकता है।
शुक्रवार को जैसे ही स्थानीय पहलवानों को छूट का पता चला तो वह छोटूराम स्टेडियम में इकट्ठे हो गए और रोष प्रदर्शन किया। कॉमनवेल्थ में कांस्य पदक जीतने वाली पूजा ने बताया कि वह प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ी साक्षी मलिक व विनेश फोगाट को बहुत बार कुश्ती में हरा चुकी है। खिलाड़ी काफी मेहनत करने के बाद वहां तक पहुंचते हैं, लेकिन इनको छूट किस आधार पर दी गई। जल्द से जल्द सरकार इस फैसले को वापस ले। यह अन्य खिलाड़ियों के लिए अन्याय है। वह लड़ाई कुछ और लड़ रहे थे, लेकिन उनको ट्रायल में छूट दी गई। इससे जूनियर खिलाड़ियों को नुकसान होगा।
यह गलत है
अंतरराष्ट्रीय पहलवान निक्की ने बताया कि इस तरह से छूट देना सरासर गलत है। अन्य खिलाड़ी भी मेहनत कर आगे जाते हैं। खिलाड़ी किस मंशा से जंतर मंतर पर गए थे और इन्होंने वहां जाकर हासिल क्या किया है? यह अन्य खिलाड़ियों के साथ काफी गलत है। हम अपने हक के लिए पूरी लड़ाई लड़ेंगे। किसी की मनमानी नहीं चलने दी जाएगी।
खिलाड़ियों में भेदभाव नहीं होना चाहिए
पहलवानों का कहना है कि एशियन गेम्स व ओलंपिक चार साल में एक बार होते हैं, इस दौरान खिलाड़ी चार साल से लगातार मेहनत करते हैं। वह खिलाड़ी अब कहां जाएंगे। इस तरह से छूट दी जा रही है तो सभी को दी जाए। यह खिलाड़ियों के साथ अन्याय है। सभी को बराबर रखा जाए। खिलाड़ियों में भेदभाव नहीं होना चाहिए।
उनका कहना है कि खिलाड़ियों को सभी ट्रायल पूरे करने चाहिए। उन्हें इस तरह की छूट कतई नहीं मिलनी चाहिए। यह अन्य खिलाड़ियों के खिलाफ फैसला है। कमेटी द्वारा लिया गया निर्णय काफी गलत साबित हो सकता है। जल्द इस पर फैसला नहीं हुआ तो वह बड़ा आंदोलन करने पर मजबूर होंगे।