महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय ने 9 मई से स्नातक (यूजी) और स्नातकोत्तर (पीजी) परीक्षाओं के संचालन के लिए जरूरी तैयारियां कर ली हैं। परीक्षाओं के सुचारु संचालन के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने पुख्ता प्रबंध किए हैं।
परीक्षा नियंत्रक प्रो. गुलशन तनेजा ने बताया कि एमडीयू की यूजी और पीजी परीक्षाओं में 2,76,033 विद्यार्थी बैठेंगे। विश्वविद्यालय ने कुल 230 परीक्षा केंद्रोंं की स्थापना विश्वविद्यालय शैक्षणिक विभागों और संबद्ध महाविद्यालयों में की है। प्रत्येक तीस परीक्षार्थी पर एक निरीक्षक तैनात रहेगा। इसके अलावा 30 परीक्षा उड़नदस्ते परीक्षा में अनुचित साधनों के उपयोग को प्रभावी ढंग से रोकने के लिए तैनात रहेंगे। परीक्षा के दौरान इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उपयोग प्रतिबंधित रहेगा। परीक्षा संचालन व मूल्यांकन कार्य के संचालन-समन्वयन के लिए सात नोडल सेंटर भी बनाए गए हैं।
कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय परीक्षा की शुचिता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वविद्यालय शिक्षकों, संबद्ध महाविद्यालयों के प्राचार्यों, प्राध्यापकों, विवि गैर शिक्षक कर्मियों से परीक्षा कार्य को बेहतरीन ढंग से संचालित करने व परीक्षा व्यवस्था की गरिमा बनाए रखने की अपील की।
यूजी सेमेस्टर परीक्षा 9 मई से 11 जून तक, पीजी सेमेस्टर परीक्षा 9 मई से 8 जून तक, एमबीए परीक्षा 9 मई से 4 जुलाई तक, विधि परीक्षा 9 मई से 8 जून तक, इंजीनियरिंग परीक्षा 11 मई से 9 जून तक व ओटीएमआईएल परीक्षा 15 मई से 1 जून तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा डेटशीट एमडीयू वेबसाइट पर उपलब्ध है।