झज्जर। एडीसी सलोनी शर्मा ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आवश्यक सेवाओं से जुड़े कर्मचारी भी फार्म 12 डी भरकर पोस्टल बैलेट के माध्यम से मतदान करने की सुविधा ले सकते हैं।
इस संबंध में एडीसी ने जिले के विभिन्न विभागों के अध्यक्षों की मीटिंग लेते हुए अहम निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपने कार्यालय में पोस्टल बैलेट से वोटिंग की प्रक्रिया को लेकर नोडल अधिकारी की नियुक्ति करें। आयोग के मुताबिक फूड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया एफसीआई, इंडियन रेलवे, प्रेस इन्फोर्मेशन ब्यूरो, बिजली विभाग, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, परिवहन विभाग, दमकल विभाग, बीएसएनएल तथा वे मीडिया कर्मी, जिनका राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदान की कवरेज के लिए पहचान पत्र बनाया है, वे पोस्टल बैलेट से मतदान के विकल्प का चयन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि फार्म 12 डी भरने वाले कर्मचारियों के लिए जिले में विधानसभा के अनुसार सुविधा केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जहां पोस्टल बैलेट के माध्यम से इस कैटेगरी के वोटर अपना मतदान कर सकेंगे।लघु सचिवालय परिसर में प्रथम तल पर स्थित निर्वाचन विभाग के कार्यालय से फार्म 12 डी प्राप्त किया जा सकता है। यह फार्म नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के पांच दिन बाद तक जमा करवाया जाएगा अर्थात तीन मई 2024 तक ये फार्म लिए जाएंगे। इस प्रक्रिया को पूरा करने के लिए संबंधित विभागों में नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे। इस अवसर जीएम रोडवेज संजीव, उप तहसीलदार निर्वाचन सुरेंद्र कुमार उपस्थित रहे।